मुंबई की तुलना में ठाणे में फ्लैट 78 फीसदी सस्ते, यह है इसका कारण
मुंबई- मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में ठाणे को कभी एक सहायक उपनगर के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब यह शहर इस रीजन का एक प्रमुख आवासीय बाजार के रूप में उभर रहा है। इस शहर में बुनियादी ढांचे का तेजी से उन्नयन हो रहा है, जिससे यहां संपत्ति खरीदने में खरीदारों की रुचि बढ़ रही है।
संपत्ति सलाहकार फर्म एनारॉक समूह के मुताबिक ठाणे में बीते वर्षों में मकान की कीमतों में तेज वृद्धि हुई है। केवल 3 साल के दौरान मकान 46 फीसदी महंगे हो गए हैं। 2022 की दूसरी तिमाही में इस शहर में मकान की औसत कीमत 13,550 रुपये थी, जो 2025 की दूसरी तिमाही में बढ़कर 19,800 रुपये वर्ग फुट हो गई। 5 साल की बात करें तो मकान की कीमतें 60 फीसदी बढ़ गई हैं। 2025 में निर्माणाधीन मकानों की मांग रेडी टू मूव मकानों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है क्योंकि इस शहर में मुंबई के प्रमुख बाजारों के विपरीत अपेक्षाकृत सस्ती कीमत पर लग्जरी मकान उपलब्ध हैं।
ठाणे एमएमआर रीजन में छोटे व मझोले आकार के मकानों का प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। एनारॉक के मुताबिक वित्त वर्ष 2020 से 2025 के दौरान 65,800 मकान लॉन्च हुए। इनमें से 45 फीसदी मकान 2 बीएचके (मझौले), जबकि 42 फीसदी 1 बीएचके यानी छोटे आकार के थे। 3 बीएचके मकानों की हिस्सेदारी 11 फीसदी, जबकि 4 बीएचके मकानों की हिस्सेदारी महज 2 फीसदी दर्ज की गई।
ठाणे में मकान खरीदना मुंबई की तुलना में सस्ता है। ठाणे मुंबई की तुलना में कम से कम 78 फीसदी अधिक किफायती है। उदाहरण के लिए 650 वर्ग फुट के औसत कारपेट ऐरिया वाले 2 बीएचके मकान की कीमत ठाणे में करीब 1.25 करोड़ रुपये है, जबकि मुंबई के केंद्रीय उपनगरों में इसकी कीमत लगभग 2.11 करोड़ होगी। पश्चिमी उपनगरों में यह 2.36 करोड़ रुपये जाती है।