रोहित शर्मा ने मुंबई में घर किराये पर दिया, महीने का ढाई लाख रुपये मिलेगा
मुंबई- भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई के लोअर परेल स्थित अपना एक अपार्टमेंट किराए पर उठाया है। जनवरी 2025 में हुए इस सौदे के अनुसार, उन्हें हर महीने 2.6 लाख रुपये किराया मिलेगा। यह जानकारी प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों से मिली है।
रोहित शर्मा ने यह अपार्टमेंट मार्च 2013 में अपने पिता गुरुनाथ शर्मा के साथ मिलकर खरीदा था। उस समय इसकी कीमत 5.46 करोड़ रुपये थी। मौजूदा किराए पर इस प्रॉपर्टी से 6% का रेंटल यील्ड मिल रहा है। लोअर परेल मुंबई का एक प्रमुख रिहायशी और व्यावसायिक केंद्र है। यहां से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और नरीमन पॉइंट जैसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्रों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
रोहित शर्मा का यह अपार्टमेंट लोढ़ा मार्कीज- द पार्क में स्थित है। यह मैक्रोटेक डेवलपर्स लिमिटेड (लोढ़ा ग्रुप) का लग्जरी आवासीय प्रोजेक्ट है, जो 7 एकड़ में फैला है। आईजीआर प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड के अनुसार, इस फ्लैट का कारपेट एरिया 1,298 वर्ग फीट है। इसमें दो कार पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं। इस लीज ट्रांजैक्शन पर 16,300 रुपये का स्टांप ड्यूटी और 1,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क लगा है। रोहित और उनके पिता के पास इसी कॉम्प्लेक्स में एक और अपार्टमेंट भी है। उन्होंने इसे भी 2013 में 5.70 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह अपार्टमेंट अक्टूबर 2024 से 2.65 लाख रुपये प्रति माह के किराए पर दिया गया है।
रोहित शर्मा का लोअर परेल वाला अपार्टमेंट काफी आलीशान है। लोढ़ा मार्कीज – द पार्क में कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। जैसे, स्विमिंग पूल, जिम, क्लब हाउस, बच्चों के लिए खेलने का एरिया और 24 घंटे सिक्योरिटी। रोहित शर्मा अपनी क्रिकेट उपलब्धियों के साथ-साथ अपने स्मार्ट इन्वेस्टमेंट के लिए भी जाने जाते हैं। रियल एस्टेट में उनका निवेश उनके लिए अच्छा रिटर्न दे रहा है।