एडवांस एआई की जानकारी रखने में अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी से आगे है भारत

बंगलूरू। विकसित देशों की तुलना में भारत के लोग अग्रिम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई में ज्यादा जानकारी रखते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया में एआई की जानकारी रखने वालों से भारत काफी आगे है।

एटलसियन की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय नॉलेज वर्कर में 46 प्रतिशत लोग एआई के अग्रिम यूजर हैं। अमेरिका में यह दर 34 प्रतिशत जबकि जर्मनी में 32 प्रतिशत है। फ्रांस के नॉलेज वर्कर का 26 प्रतिशत हिस्सा एडवांस एआई की जानकारी रखता है तो ऑस्ट्रेलिया के 23 प्रतिशत नॉलेज वर्कर ही एआई की अग्रिम जानकारी से परिचित हैं।

सर्वे में एआई कोलैबरेशन के लिए चार चरण रखे गए थे। भारत में एआई को पहले चरण में एक साधारण साधन के रूप में उपयोग करने वाले लोग औसतन प्रतिदिन 104 मिनट बचाते हैं। वैश्विक औसत लगभग 45 मिनट है। यही रणनीति चौथे चरण के साथ प्रतिदिन 127 मिनट तक बढ़ जाती है।

विश्लेषकों का मानना है कि कंपनियों के लिए केवल एआई साधन स्थापित करना ही काफी नहीं है। उनको अपने कर्मचारियों को प्रयोग करने का स्वतंत्र रूप से अवसर भी देना होगा। जैसे-जैसे एआई का बेहतर इस्तेमाल होता है, कर्मचारियों के लाभ बढ़ने लगते हैं। तीसरे और चौथे चरण के साथ 92 लोगों का मानना है कि उन्होंने एआई को सीखने के लिए जो समय लगाया वह फायदेमंद रहा।

सर्वे के अनुसार, 96 प्रतिशत एडवांस यूजर एआई के साथ को-क्रिएशन के जरिये काम की गुणवत्ता में सुधार लाते हैं। भारतीय संगठन कर्मचारियों को असफलता के डर के बिना एआई का स्वतंत्रता से इस्तेमाल करने देते हैं। इससे बेहतर परिणाम मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *