रतन टाटा को उनकी कंपनियों ने भी दी सलामी, शेयरों में 15 पर्सेंट तक की तेजी
मुंबई- देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने टाटा ग्रुप के चेयरमैन रहे रतन टाटा का अंतिम संस्कार मुंबई में किया गया। महाराष्ट्र और झारखड में राजकीय शोक घोषित किया गया है। विमान बनाने वाली यूरोप की दिग्गज कंपनी एयरबस ने रतन टाटा के प्रति सम्मान दिखाते हुए भारत और साउथ एशिया के नए मुख्यालय के लॉन्च का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। इस बीच टाटा ग्रुप के शेयरों में आज 15 फीसदी तक तेजी आई।
रतन टाटा 1991 से 2012 तक टाटा ग्रुप के चेयरमैन रहे। नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक का कारोबार करने वाले टाटा ग्रुप की दो दर्जन से अधिक लिस्टेड कंपनियां है। टीसीएस मार्केट कैप के हिसाब से टाटा ग्रुप की सबसे मूल्यवान और देश की दूसरे सबसे वैल्यूएबल कंपनी है। इसकी लिस्टिंग 2004 में हुई थी। इसका मार्केट कैप करीब 15.43 लाख करोड़ रुपये है। ग्रुप की प्रमुख कंपनियों में टाटा मोटर्स, टाइटन, टाटा स्टील, ट्रेंट, टाटा पावर, टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स, इंडियन होटल्स, टाटा कम्युनिकेशंस, वोल्टास और टाटा एलेक्सी शामिल है। इनमें से अधिकांश कंपनियों के शेयरों में तेजी बनी रही।
समूह की कुल 25 से ज्यादा कंपनियां भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट हैं। करीब 20 साल बाद टाटा समूह की कंपनी इसी साल लिस्ट हुई। टाटा टेक को लिस्ट कराया गया और इसे जबरदस्त रिस्पांस मिला था।