अक्तूबर में करीब 15 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानिए किस तारीख को कहां छुट्टी
मुंबई- सितंबर बीत रहा है और अक्टूबर आने वाला है। गांधी जयंती (Gandhi Jayanti), नवरात्री (Navratri), दशहरा (Dussehra) और दीवाली (Diwali) जैसे सभी बड़े त्योहार इसी महीने पड़ने वाले हैं। त्योहारों के चलते लगातार कई-कई दिन तक बैंकों की छुट्टी पड़ने वाली है।
आरबीआई हर महीने की शुरुआत से पहले ही बैंक हॉलिडे लिस्ट जारी कर देता है। लिस्ट के अनुसार, अक्टूबर में 31 दिन में से करीब 15 दिन छुट्टी रहने वाली है। इसमें शनिवार और रविवार की छुट्टियों के साथ ही त्योहारों की छुट्टियां भी शामिल हैं। अक्टूबर में जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों के कारण एक दिन बैंक बंद रहेगा। गांधी जयंती, दुर्गा पूजा, दशहरा, लक्ष्मी पूजा, काटी बिहू और दीवाली के कारण भी बैंकों में अलग-अलग दिन छुट्टी रहने वाली है।
एक अक्तूबर को विधानसभा चुनाव होने के चलते जम्मू में बैंक बंद रहेंगे। दो अक्तूबर को गांधी जयंती के मौके पर देश में बैंकों में अवकाश रहेगा। तीन अक्तूबर को नवरात्रि स्थापना के कारण जयपुर में बैंक बंद रहेंगे। 6 अक्टूबर को रविवार के कारण पूरे देश में अवकाश रहेगा।
इसी तरह से 10 अक्टूबर को दुर्गा पूजा, दशहरा और महासप्तमी के कारण अगरतला, गुवाहाटी, कोहिमा और कोलकाता में बैंक बंद रहेंगे। 11 अक्तूबर को दशहरा, महाअष्टमी, महानवमी, आयुध पूजा, दुर्गा पूजा और दुर्गा अष्टमी के कारण अगरतला, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, चेन्नई, गंगटोक, गुवाहाटी, इंफाल, ईंटानगर, कोहिमा, इंफाल, कोलकाता, पटना, रांची और शिलांग में बैंकों में अवकाश रहेगा।
12 अक्टूबर को दशहरा, विजयदशमी, दुर्गा पूजा के कारण लगभग पूरे देश में बैंक बंद रहने वाले हैं। 13 अक्तूबर को रविवार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहने वाले हैं। 14 अक्टूबर को दुर्गा पूजा या दासेन के कारण गंगटोक में बैंकों में अवकाश रहेगा। 16 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा के अगरतला और कोलकाता में बैंक बंद रहेंगे। 17 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती और कांटी बिहू के बेंगलुरु और गुवाहाटी में बैंकों में अवकाश रहेगा।
20 अक्टूबर को रविवार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। 26 अक्टूबर को चौथे शनिवार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। 27 अक्टूबर को रविवार के कारण पूरे देश में बैंकों में अवकाश रहेगा। 31 अक्टूबर को दीवाली के कारण लगभग पूरे देश में बैंकों में अवकाश रहेगा।
अक्टूबर में फेस्टिव सीजन के चलते अलग-अलग त्योहारों पर देश के कई राज्यों में बैंकों में लगातार छुट्टी होती है, मगर, इसके बाद भी आपके कोई भी जरूरी काम नहीं रुकेंगे। आप बैंक में अवकाश होने के बावजूद भी आप लेन-देन करने के लिए यूपीआई, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं।