जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन व एमडी सज्जन जिंदल पर बलात्कार का आरोप
मुंबई- JSW ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) सज्जन जिंदल ने रविवार (17 दिसंबर) को अपने खिलाफ रेप के आरोपों को खारिज कर दिया है। सज्जन जिंदल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘सज्जन जिंदल इन झूठे और निराधार आरोपों को खारिज करते हैं।
सज्जन जिंदल पर मुंबई में एक महिला ने रेप का मामला दर्ज कराया है। महिला पेशे से डॉक्टर है। मुंबई बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 376, 354 और 503 के तहत जिंदल पर FIR दर्ज हुई है। मामला 24 जनवरी 2022 का है, जिसको लेकर महिला ने फरवरी 2022 में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन तब पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। 5 दिसंबर 2023 को महिला ने कोर्ट में रिट पिटीशन दायर की, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर 13 दिसंबर 23 को पुलिस ने FIR दर्ज की।
शिकायत करने वाली महिला ने बताया कि वो सज्जन जिंदल से पहली बार 8 अक्टूबर 2021 को दुबई में मिली थी। इसके बाद अक्टूबर 2021 से जनवरी 2022 तक दोनों की कई बार मुलाकात भी हुई। इस दौरान जिंदल ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
महिला ने आगे बताया कि 24 जनवरी को पेंटहाउस में स्थित जिंदल के ऑफिस पहुंची जहां उन्होंने उसके साथ रेप किया। FIR के मुताबिक, महिला ने पहली बार 16 फरवरी 2022 को इसकी शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने वहां मामला दर्ज नहीं किया था। सज्जन जिंदल ने 1982 में एक स्टील प्लांट के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। फिलहाल यह कंपनी भारत की सबसे बड़ी स्टील कंपनी है।

