लंबे समय से पिट रहे SBI के शेयर में जगी उम्मीद, ब्रोकरेज अब 60% तक के रिटर्न का लक्ष्य दे रहे हैं
मुंबई- देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयरों में गुरुवार को दिखी तेजी ने ब्रोकरेज हाउसों के लिए लक्ष्य बढ़ाने का काम किया है। ब्रोकरेज हाउस मानते हैं कि इस शेयर में यहां से 35 से 60% तक का रिटर्न मिल सकता है। यानी यह शेयर 330 रुपए तक जा सकता है।
बता दें कि SBI का शेयर पिछले कुछ महीनों से लगातार पिट रहा है। यह 160 से 200 रुपए के बीच में कारोबार कर रहा था। बुधवार को बैंक ने दूसरी तिमाही का रिजल्ट जारी किया था। बैंक ने बताया कि उसका फायदा इस दौरान 52% बढ़ गया। उसे अकेले का 4,754 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। इसके बाद से बैंक के शेयरों में तेजी दिख रही है। आज यह 6% बढ़कर 220 रुपए तक जा पहुंचा।
ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि चुनौती भरे माहौल में भी SBI ने मजबूत प्रदर्शन किया है। डिपॉजिट ग्रोथ में लगातार सुधार है। बुरे फंसे कर्जों (NPA) में भी सुधार है। लोन लेने वालों की संख्या बढ़ी है। उधारी में सालाना आधार पर 6% की ग्रोथ रही है। रिटेल लोन सालाना आधार पर 14.5% बढ़ा है। होम लोन में सालाना आधार पर 10 % से ज्यादा की ग्रोथ रही है।
ब्रोकरेज हाउस ने शेयर के लिए 300 रुपए का लक्ष्य रखा है, जो आज के इंट्रा डे में 207 रुपए से 45 फीसदी ज्यादा है। शेयरखान ने 280 रुपए का लक्ष्य रखा है। यानी इसके हिसाब से 35% का रिटर्न मिलेगा। ब्रोकरेज के अनुसार एसबीआई अपनी दूसरे प्रतिस्पर्धा वाले बैंकों से बेहतर पोजीशन में है। एसेट क्वालिटी, कैपिटलाइजेशन, अंडरराइटिंग स्ट्रेंथ के मामले में बैंक की पोजीशन मजबूत है। ब्रोकरेज हाउस सीएसएल ने इसका लक्ष्य 310 से बढ़ाकर 330 रुपए कर दिया है। इस आधार पर शेयर में 60 पर्सेंट का रिटर्न मिल सकता है। ब्रोकरेज के अनुसार बैंक की एनआईआई (NII) ग्रोथ उम्मीद से बेहतर रही है। आने वाले दिनों में बैंक का मुनाफा और बढ़ने का अनुमान है।
मोर्गन स्टेनली ने इसे ओवरवेट में डाल दिया है और अनुमान जताया है कि यह शेयर 280 रुपए तक जा सकता है। इस ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस ने कहा है कि बैंक ने बुरे फंसे कर्ज के मोर्चे पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इसने एसएमई सेगमेंट में अच्छा काम किया है। बैंक की कुल इनकम 3.42 पर्सेंट बढ़कर 75,341 करोड़ रुपए रही है। NII इसी दौरान 1456 पर्सेंट बढ़कर 28 हजार181 करोड़ रुपए रही है। ज्यादातर ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि इस शेयर में यहां से 40 पर्सेंट का रिटर्न मिल सकता है। अगले एक साल में यह 290 रुपए तक जा सकता है।