फरवरी में जीएसटी कलेक्शन 1.49 लाख करोड़, जनवरी से 6 हजार करोड़ कम
मुंबई- सरकार ने फरवरी 2023 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) से 1.49 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। सालाना आधार पर इसमें लगभग 12% बढ़ोतरी हुई है। फरवरी 2022 में 1,33,026 करोड़ रुपए का GST कलेक्शन हुआ था। वहीं जनवरी 2023 में ये 1,55,922 करोड़ रुपए था।
वित्त मत्रांलय के अनुसार इसमें CGST के रूप में 28,963 करोड़ रुपए, SGST से 36,730 करोड़ रुपए और IGST के रूप में 79,599 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ है। IGST की राशि में 37,118 करोड़ रुपये वस्तुओं के आयात पर लगने वाले टैक्स के रूप में वसूला गया है।
वित्त वर्ष 2022-23 में अब तक अप्रैल महीने में सबसे ज्यादा GST कलेक्शन रहा है। अप्रैल में ये 1.68 लाख करोड़ रुपए रखा था। इसके बाद सबसे ज्यादा GST कलेक्शन जनवरी में, 1.56 लाख करोड़ रुपए था। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि GST कलेक्शन लगातार 12वें महीने 1.4 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा।
फरवरी में हुई बैठक में सरकार ने राब (लिक्विड गुड) पर लगने वाले टैक्स में कटौती की थी। इस पर GST 18% से घटाकर शून्य कर दी थी। अगर यह प्री-पैकेज्ड और लेबल्ड है, तो इस पर 5% की दर से टैक्स लगेगा। इसके अलावा GST काउंसिल की बैठक में पेंसिल और शार्पनर पर GST की दरें घटाने का फैसला लिया था। पेंसिल और शार्पनर पर GST 18% से घटाकर 12% कर दी थी।