सेंसेक्स 700 पॉइंट्स गिर कर 55125 पर पहुंचा, निवेशकों को 3 लाख करोड़ का घाटा
मुंबई- शेयर बाजार में आज भारी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 700 पॉइंट्स गिरकर 55,125 पर कारोबार कर रहा है। निवेशकों को 3 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।
इससे पहले गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स जबरदस्त तेजी में रहा। अंत में 1,328 पॉइंट्स (2.44%) बढ़कर 55,858 जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 421 अंक (2.60%) बढ़त के साथ 16,669 पर बंद हुआ था। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप शुक्रवार को 250.07 लाख करोड़ रुपए था जो आज 246 लाख करोड़ रुपए है।
सेंसेक्स 529 पाइंट्स नीचे 55,329 पर खुला था। पहले घंटे में इसने यही ऊपरी और 55,073 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से केवल 2 बढ़त में और बाकी 28 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में टाटा स्टील और पावरग्रिड हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में एयरटेल, HDFC बैंक, एशियन पेंट्स, डॉ. रेड्डी, मारुति, कोटक बैंक, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा 2-2% नीचे हैं।
एक्सिस बैंक, ICICI बैंक, हिदुस्तान यूनिलीवर, HCL टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले, HDFC, विप्रो, SBI, इंडसइंडबैंक, TCS 1-1% से ज्यादा नीचे हैं। इसी तरह रिलायंस, लार्सन एंड टुब्रो, इंफोसिस और टाइटन में भी एक पर्सेंट से ज्यादा की कमी आई है। सनफार्मा और ITC में मामूली गिरावट है।
सेंसेक्स के 126 शेयर्स अपर और 253 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनकी कीमतों में एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट आ सकती है और न ही बढ़त हो सकती है। इसके 50 स्टॉक एक साल के ऊपरी और 29 निचले स्तर पर हैं। सेंसेक्स में कुल लिस्टेड कंपनियों से 2,086 के शेयर गिरावट में और 650 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 214 अंक गिरकर 16,443 पर कारोबार कर रहा है। यह 16,481 पर खुला था और 16,356 का निचला तथा 16,506 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके चार प्रमुख इंडेक्स निफ्टी नेक्स्ट 50, बैंक, फाइनेंशियल और मिड कैप नीचे कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी के 50 में से केवल 5 स्टॉक बढ़त में और 44 गिरावट में हैं।
गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में एसबीआई लाइफ, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी लाइफ, आयशर मोटर्स और ब्रिटानिया हैं। बढ़ने वालों में पावरग्रिड, कोल इंडिया, हिंडालको, भारत पेट्रोलियम और टाटा स्टील हैं।