रूस के 800 सैनिक मारे गए, अमेरिका ने पाक पर 414 करोड़ का जुर्माना लगाया
मुंबई- यूक्रेन की राजधानी कीव में शुक्रवार सुबह कई धमाके सुने गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के पूरी सेना को युद्ध में उतारने का ऐलान किया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि उनकी फोर्सेस ने 800 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। 30 रूसी टैंक और 7 जासूसी एयरक्राफ्ट को भी तबाह कर दिया है।
यूक्रेन सरकार ने 18 से 60 साल के पुरुषों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यूक्रेन ने अपने 10 हजार नागरिकों को मुकाबले के लिए राइफलें दी हैं। शुक्रवार सुबह ही यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बयान भी जारी किया। उन्होंने कहा कि दुनिया ने हमें जंग में लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि वे कीव में हैं और वहां रूसी सेना दाखिल हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इन रूसियों का पहला टारगेट वही हैं और दूसरा टारगेट उनकी फैमिली है।
रूसी हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं, वहीं 316 घायल हैं। अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन पर रूस की तरफ से कुल 203 हमले किए गए जिनमें 160 हमले मिसाइलों से और 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए। यूक्रेन की रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि यूक्रेनी फोर्सेस ने रूस के 7 एयरक्राफ्ट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक तबाह कर दिए हैं। रूस की सेना यूक्रेन के शहर कोनोटोप को घेर लिया, बाकी फोर्सेस राजधानी कीव की तरफ बढ़ रही है।
यूक्रेन पर हमला के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दुनिया के साथ घरेलू नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस के दर्जनों शहर में प्रदर्शनकारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद 1700 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वर्ल्ड बैंक यूक्रेन को आर्थिक मदद देने को तैयार हो गया है।
उधर, अमेरिका ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दोषी करार देते हुए पाकिस्तान नेशनल बैंक पर 55 मिलियन डॉलर (414 करोड़ रुपए) का जुर्माना ठोका है। अमेरिका ने यह जुर्माना ऐसे वक्त में लगाया है, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान यूक्रेन-रूस में जंग के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने मास्को पहुंचे है।