5 मिनट में निवेशकों के डूबे 2 लाख करोड़, सेंसेक्स 500 अंक गिरा
मुंबई- शेयर बाजार में आज 5 मिनट में निवेशकों के 2 लाख करोड़ रुपए डूब गए हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 500 पॉइंट्स गिर कर 60,346 पर पहुंच गया है। इंडसइंड बैंक का शेयर करीबन 2% नीचे कारोबार कर रहा है। टेक कंपनियों के शेयर्स में भारी गिरावट है।
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 274.38 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 276.44 लाख करोड़ रुपए था। मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 554 पॉइंट्स (0.90%) गिर कर 60,754 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 195 अंक (1.07%) गिरकर 18,113 पर बंद हुआ। सेंसेक्स सुबह 91 अंक बढ़कर 60,845 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 60,870 का ऊपरी और 60,442 का निचला स्तर बनाया।
सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 6 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं जबकि 24 गिरावट में हैं। बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, डॉ. रेड्डी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में टेक महिंद्रा, विप्रो, इंफोसिस, ICICI बैंक, एशियन पेंट्स, सनफार्मा, TCS, HCL टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले और कोटक बैंक हैं। इनके साथ NTPC, ITC, एयरटेल और HDFC बैंक एवं टाइटन में भी गिरावट है।
सेंसेक्स के 200 शेयर अपर सर्किट में और 300 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब यह है कि एक दिन में इनमें एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट हो सकती है न बढ़त हो सकती है। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 125 अंक गिर कर 18,010 पर कारोबार कर रहा है। यह 18,129 पर खुला था। इसका ऊपरी स्तर 18,129 और निचला स्तर 18,005 का है।
निफ्टी के मिडकैप, बैंकिंग, फाइनेंशियल, और नेक्स्ट 50 इंडेक्स नीचे हैं। इसके 50 स्टॉक में से 19 बढ़त में और 31 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में इंफोसिस, विप्रो, HDFC लाइफ, टेक महिंद्रा हैं। बढ़ने वाले शेयर्स में ONGC, बजाज फाइनेंस, कोल इंडिया, टाटा स्टील और बजाज फिनसर्व हैं।