टॉप 10 शेयर्स में SBI म्यूचुअल फंड का 1.60 लाख करोड़ निवेश
मुंबई- म्यूचुअल फंड हाउसों ने दिसंबर 2021 में फार्मा और IT शेयर्स में दांव लगाया है। आंकड़ों के मुताबिक, लार्ज कैप में सबसे ज्यादा खरीदी विप्रो में की गई है। इसके 10,343 करोड़ रुपए के शेयर्स खरीदे गए हैं। इसके बाद लार्सन एंड टूब्रो के 5,700 करोड़ और टाटा पावर के 2,985 करोड़ रुपए के स्टॉक खरीदे गए हैं। म्यूचुअल फंड ने साल 2020 से अब तक बेहतर रिटर्न दिया है। कुछ स्कीम्स तो इस समय में निवेशकों की रकम को दोगुना भी कर दी हैं।
लार्जकैप में सबसे ज्यादा भारत पेट्रोलियम के 9,060 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे गए हैं जबकि आयशर मोटर्स के 4,252 करोड़ के स्टॉक बेच दिए गए हैं। मिडकैप में सबसे ज्यादा खरीदी इप्का लैब में दिखी है। इसके 6,912 करोड़ रुपए के शेयर म्यूचुअल फंड्स ने खरीदे हैं। जबकि दूसरे नंबर पर इंडियन होटल्स के 3,911 करोड़ रुपए के और रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन के 2,583 करोड़ रुपए के स्टॉक खरीदे गए हैं।
मिड कैप में मिंडा इंडस्ट्रीज के 3,842 करोड़ और इंडियन एनर्जी के 2,842 करोड़ रुपए के शेयर बेच दिए गए हैं। स्माल कैप में गो फैशन के 810 करोड़ रुपए के और ग्रेफाइट के 469 करोड़ रुपए के स्टॉक खरीदे गए हैं। हालांकि RBL बैंक के 880 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए हैं। इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस के 428 करोड़ के शेयर फंड हाउसों ने बेचे हैं।
ICICI प्रूडेंशियल ने कल्पतरू पावर का 538 करोड़ का स्टॉक खरीदा है। HDFC म्यूचुअल फंड ने अल्ट्राटेक का 363 करोड़ का और डिवीज लैब का 122 करोड़ का शेयर खरीदा है। जबकि निप्पोन म्यूचुअल फंड ने बजाज फाइनेंस का 668 और इप्का लैब का 352 करोड़ रुपए का स्टॉक खरीदा है। टॉप 10 कंपनियों में इस फंड हाउस ने 80 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है। इसकी सबसे ज्यादा होल्डिंग ICICI बैंक में है जो 14,395 करोड़ रुपए है।
देश के सबसे बड़े फंड हाउस SBI ने रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर्स खरीदे हैं। इसने नई खरीदी में इप्का लैब और IDFC के साथ व्हर्लपूल पर दांव लगाया है। आरती इंडस्ट्रीज और मेट्रोपॉलिस से यह फंड हाउस पूरी तरह से निकल गया है। विप्रो का 3,367 करोड़ का शेयर खरीदा है।
एसबीआई म्यूचुअल फंड ने सबसे ज्यादा निवेश HDFC बैंक में है जो 27,527 करोड़ रुपए है। दूसरे नंबर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज में इस फंड हाउस ने 25,709 करोड़ का निवेश किया है। टॉप 10 कंपनियों में इसने 1.60 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश किया है। UTI म्यूचुअल फंड ने विप्रो का 1,007 करोड़ रुपए का जबकि इंफो एज का 855 करोड़ रुपए का शेयर खरीदा है।
बिड़ला म्यूचुअल फंड ने सबसे ज्यादा डिवीज लैब में 235 करोड़ रुपए के स्टॉक की खरीदी की है। मिरै ने पेटीएम पर दांव लगाया है और इसका 509 करोड़ रुपए का स्टॉक खरीदा है। ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज का 822 और HDFC लिमिटेड का 999 करोड़ रुपए का शेयर इसने खरीदा है।
फंड हाउस लगातार IPO में निवेश कर रहे हैं। हालिया लिस्टेड कंपनियां जैसे मेडप्लस, मेट्रो ब्रांड, रेटगेन आदि में इन्होंने अच्छा खासा निवेश किया है। देश की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के पास निवेशकों का कुल निवेश 38 लाख करोड़ रुपए के पार है। महीने में 11 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम SIP यानी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान से आता है।