अंधेरी के दीपा बार में 17 डांसर्स तहखाना से बरामद, चल रहा था डांस

मुंबई- मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित फेमस दीपा बार में एक अंडरग्राउंड तहखाने का पता चला है। इस तहखाने के अंदर 17 लड़कियों को ठूस कर बंद किया गया था। यह सभी बार बालाएं बताई जा रही हैं। इनमें से कइयों की उम्र बहुत कम है। जिस तहखाने का पता पुलिस को चला है, उसमें खड़ा हो पाना भी मुश्किल था।

तकरीबन 15 घंटे से ज्यादा की कार्रवाई के बाद मुंबई पुलिस की सोशल सर्विस ब्रांच की टीम ने इस गुप्त तहखाने का राज खोला है। खास बात यह है कि इस तहखाने के अंदर जाने का रास्ता मेकअप रूम की दीवार में लगे शीशे के पीछे से जाता था। इसमें ऑटोमेटिक इलेक्ट्रिक डोर लगे थे। तहखाने के अंदर एक AC भी लगा था। उसके अंदर बिस्तर भी लगे हुए थे।

यह रेड रविवार शाम से शुरू हुई और पूरी रात चली। 15 घंटे की कड़ी कार्रवाई के बाद 17 डांसर को मुक्त करवाया गया और बार के मैनेजर, कैशियर समेत 3 स्टाफ को अरेस्ट कर लिया गया। अंधेरी पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर FIR दर्ज की गई है और पड़ताल जारी है। बार में डांसर्स होने की पुख्ता सूचना के बाद देर रात हुई रेड में बाथरूम, स्टोरेज रूम, किचन हर जगह छापा मारा गया, लेकिन पुलिस टीम के हाथ कुछ नहीं लगा। बार के मैनेजर, कैशियर, वेटर सबसे घंटों पूछताछ हुई, लेकिन बार में डांसर होने की बात को वे खारिज करते रहे।

मुंबई में कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत सभी डांस बार को अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद यह धड़ल्ले से चल रहा था। पुलिस टीम को यह भी जानकारी मिली है कि यहां हर दिन सैकड़ों लोग आते थे और डांस के दौरान इन बार बालाओं पर रुपए लुटाते थे। पुलिस की रेड से बचने के लिए ही ऐसे तहखाने का निर्माण किया गया था।

पुलिस से बचने के लिए इस डांस बार में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम का बेहतरीन इंतजाम किया गया था। पुलिस की गाड़ी इस इलाके में जैसे ही आती थी, बार के बाहर लगे कैमरे अंदर बैठे लोगों को अलर्ट कर देते थे और लड़कियों को तुरंत गायब कर दिया जाता था। इससे पहले भी कई बार यहां रेड हुई, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा था।

मेकअप रूम में एक बड़ा सा मिरर लगा हुआ था। जब इस शीशे को दीवार से अलग करने की कोशिश की गई तो पता चला कि ये दीवार में इस कदर फिट है कि इसे निकाल पाना असंभव है। इसके बाद बड़ा सा हथौड़ा मंगवाया गया और शीशे को तोड़ा गया। शीशे को पुलिस ने जैसे ही तोड़ा, वे अवाक रह गए। उसके पीछे एक बड़ा सा सीक्रेट रूम था, जिसे ‘कैविटी’ कहते हैं। इसकी क्षमता इतनी थी कि इसमें कुल 17 बार डांसर को छुपा कर रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *