अमिताभ बच्चन ने 10 लाख रुपए महीने के किराए पर दिया फ्लैट
मुंबई- अमिताभ बच्चन ने एक्ट्रेस कृति सेनन को मुंबई में एक डुप्लेक्स फ्लैट को दो साल के लिए 10 लाख रुपए महीने किराए पर दिया है। यह अपार्टमेंट अंधेरी वेस्ट में लोखंडवाला रोड पर अल्टेंटिस बिल्डिंग के 27 और 28 मंजिलों पर है।
सेनन ने 60 लाख रुपए का सिक्योरिटी डिपॉजिट किया है। 12 नवंबर को लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट हुआ था। जैसा कि दस्तावेजों में दिखाया गया है, लीज टर्म 16 अक्टूबर, 2021 से 15 अक्टूबर, 2023 तक 24 महीने के लिए है। सेनन ने 2014 में तेलुगु साइकोलॉजिकल थ्रिलर नेनोक्कादीन के साथ अपनी शुरुआत की। उन्होंने बरेली की बर्फी, लुका चुप्पी, मिमी और हम दो हमारे दो जैसी हिंदी फिल्मों में अभिनय किया है।
बता दें कि बच्चन ने दिसंबर 2020 में एक टियर -2 बिल्डर, क्रिस्टल ग्रुप के जरिए अटलांटिस में 31 करोड़ रुपए की 5,184 वर्ग फुट की प्रॉपर्टी खरीदी थी, लेकिन इसे अप्रैल 2021 में रजिस्टर्ड कराया गया था। उन्होंने 31 मार्च, 2021 तक महाराष्ट्र सरकार की 2 प्रतिशत की स्टांप ड्यूटी छूट का लाभ उठाते हुए 31 करोड़ रुपए का 2 प्रतिशत, यानी 62 लाख रुपए की स्टांप ड्यूटी दी थी।
वहीं एक्ट्रेस सनी लियोन ने उसी प्रोजेक्ट में 12वीं मंजिल का अपार्टमेंट रजिस्टर कराया था, जिसे उन्होंने 28 मार्च 2021 को 16 करोड़ रुपए में खरीदा था। तनु वेड्स मनु और जीरो जैसी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर बॉलीवुड निर्देशक और निर्माता आनंद एल राय ने भी इसी प्रोजेक्ट में एक डुप्लेक्स अपार्टमेंट खरीदा था। सितंबर 2021 में, बच्चन और उनके अभिनेता बेटे अभिषेक ने मुंबई के जुहू में वत्स और अम्मू बंगलों के ग्राउंड फ्लोर को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को 18.9 लाख रुपए प्रति माह पर 15 साल के लिए किराए पर दिया था। दोनों बंगले जलसा के बराबर में ही हैं।