मोबिक्विक, Ixigo और ओयो जल्द ला सकते हैं IPO, डेलहीवरी और फार्मइजी देंगे अर्जी
मुंबई- IPO के सीजन में करीबन आधा दर्जन स्टार्टअप बाजार से रकम जुटाने की तैयारी कर रहे हैं। एक दर्जन स्टार्टअप में से 3 स्टार्टअप अब तक शेयर बाजार में लिस्ट हो चुके हैं। जबकि 3 का इश्यू 10 नवंबर तक बंद होगा।
जानकारी के मुताबिक, दो स्टार्टअप ने पहले ही सेबी के पास अर्जी दे रखी है और उनको सेबी की मंजूरी का इंतजार है। जबकि दो स्टार्टअप कंपनियां जल्द ही सेबी के पास अर्जी दे सकती हैं। फिलहाल 3 स्टार्टअप लिस्ट हैं। इसमें इजी ट्रिप प्लानर्स ने 510 करोड़ रुपए जुटाए थे। इसका वैल्यूएशन 5,204 करोड़ रुपए है। जोमैटो वैल्यूएशन के लिहाज से सबसे बड़ा स्टार्टअप है। इसका वैल्यूएशन 1.03 लाख करोड़ रुपए का है। यह लिस्टेड है। इसने बाजार से 9,375 करोड़ रुपए इसी साल जुटाया था। यह पहला स्टार्टअप था, जिसने IPO लाया था।
तीसरा लिस्टेड स्टार्टअप कारट्रेड है। इसका वैल्यूएशन 5,573 करोड़ रुपए है। वैल्यूएशन के मामले में यह सबसे छोटी कंपनी है। यह भी बाजार में लिस्ट है। इसने बाजार से 2,999 करोड़ रुपए जुटाए थे। अब चौथा स्टार्टअप नायका लिस्ट होने की तैयारी में है। इसका इश्यू सोमवार को बंद होगा। यह कंपनी बाजार से 5,352 करोड़ रुपए जुटाएगी। इसका वैल्यूएशन 53,200 करोड़ रुपए का है। जबकि पॉलिसीबाजार का इश्यू 1 नवंबर को खुलेगा और 3 को बंद होगा। कंपनी बाजार से 5,625 करोड़ रुपए जुटाएगी। इसका वैल्यूएशन 46,125 करोड़ रुपए है।
स्टार्टअप में सबसे ज्यादा वैल्यूएशन कंपनियों की बात करें तो पेटीएम है। पेटीएम का IPO 8 से 10 नवंबर के बीच खुलेगा। कंपनी बाजार से 18,300 करोड़ रुपए जुटाएगी। इसमें 10 हजार करोड़ रुपए ऑफर फॉर सेल और 8,300 करोड़ रुपए नए शेयर के जरिए जुटाए जाएंगे। इसका वैल्यूएशन 1.48 लाख करोड़ रुपए होगा। मार्केट कैप के लिहाज से यह टॉप 35 कंपनियों में शामिल होगी।
इनके अलावा मोबिक्विक के IPO के सेबी ने मंजूरी दे दी है। कंपनी बाजार से 1,900 करोड़ रुपए जुटाएगी। इसका वैल्यूएशन 7,500 करोड़ रुपए है। यह कंपनी अगले महीने बाजार में उतरने वाली है। होटल बुकिंग और ट्रैवेल की सुविधा देने वाली ओयो ने सेबी के पास IPO की मंजूरी के लिए अर्जी दी है। इस कंपनी का वैल्यूएशन 90 हजार करोड़ रुपए होगा। यानी पेटीएम, जोमैटो के बाद यह तीसरा सबसे मूल्यवान स्टार्टअप होगा। कंपनी बाजार से 8,430 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बनाई है। इसी तरह Ixigo भी 1,600 करोड़ रुपए जुटाने के लिए सेबी के पास अर्जी देने की तैयारी कर रही है। इसका वैल्यूशन 5,600 करोड़ रुपए होगा जो स्टार्टअप में दूसरी सबसे कम वैल्यूएशन वाली कंपनी होगी।
डेलहीवरी और फार्मईजी सेबी के पास IPO के लिए अर्जी देने की तैयारी में हैं। डेलहीवरी बाजार से 7,500 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। इसका वैल्यूएशन करीबन 34 हजार करोड़ रुपए हो सकता है। जबकि फार्मईजी 3,500 करोड़ रुपए बाजार से जुटा सकती है। इसका वैल्यूएशन 45 हजार करोड़ रुपए के आस-पास रहने की संभावना है।
इस तरह से साल 2021 IPO के लिए स्टार्टअप कंपनियों का साल रहनेवाला है। स्टार्टअप की लिस्टिंग इसी साल से शुरू हुई थी और पहले ही साल में करीबन 12 कंपनियां इस लिस्ट में जुड़ गई हैं। इसमें से दिसंबर तक 10 कंपनियां लिस्ट हो जाएंगी, जबकि दो कंपनियां अगले साल या फिर दिसंबर तक ही लिस्ट हो सकती हैं।
सब्सक्रिप्शन की बात करें तो अभी तक स्टार्टअप में इजी ट्रिप प्लानर्स सबसे सफल IPO रहा है। इसे 159 गुना रिस्पांस मिला था। जोमैटो को केवल 38 गुना रिस्पांस मिला था। नायका को अभी तक 4 गुना रिस्पांस मिला है। सोमवार को यह बंद होगा। यह सभी स्टार्टअप मिलाकर बाजार से 65 हजार करोड़ रुपए की रकम जुटाएंगे। इन सभी का वैल्यूएशन 5.43 लाख करोड़ रुपए होगा। यानी सभी की लिस्टिंग के बाद लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में करीबन 4 लाख करोड़ रुपए का इजाफा होगा। जोमैटो पहले से ही 1 लाख करोड़ रुपए के साथ लिस्ट है। इस तरह यह साल स्टार्टअप के लिए IPO के लिहाज से बेहतर रहेगा।
उधर पॉलिसीबाजार ने एंकर निवेशकों से 2,569 करोड़ रुपए शुक्रवार को जुटाया। कंपनी का IPO एक नवंबर को खुलेगा। उससे पहले एंकर निवेशकों के लिए यह खुला था। इसे एंकर निवेशकों से उनके हिस्से की तुलना में 40 गुना ज्यादा रिस्पांस मिला है। एंकर निवेशकों में तमाम लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों ने पैसा लगाया है।