ICICI बैंक का शेयर 13 पर्सेंट बढ़ा, IRCTC और डीमार्ट के शेयर्स में भारी गिरावट
मुंबई- ICICI बैंक का शेयर्स पिछले कुछ समय से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। इसका शेयर्स आज 13% बढ़कर 859 रुपए के एक साल के हाई पर पहुंच गया। इसका मार्केट कैप 5.90 लाख करोड़ रुपए हो गया। उधर, IRCTC, डीमार्ट के शेयर्स में भारी गिरावट है। पारस डिफेंस लोअर सर्किट में है।
ICICI बैंक मार्केट कैप के लिहाज से पांचवीं सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। अब मार्केट कैप के लिहाज से टॉप 5 में दो बैंक शामिल हो गए। दूसरा बैंक HDFC बैंक है जिसका मार्केट कैप 9.20 लाख करोड़ रुपए है। ICICI बैंक का मार्केट कैप आज 5.90 लाख करोड़ रुपए हो गया। इसका शेयर शुक्रवार को 759 रुपए पर बंद हुआ था। आज यह 859 रुपए पर पहुंच गया।
ICICI बैंक का शेयर एक महीने पहले 688 रुपए पर था। एक साल पहले यह 388 रुपए पर चला गया था। तब से अब तक इसका शेयर करीबन 150% बढ़ा है। जबकि एक महीने में यह 20% बढ़ गया है। दूसरी तिमाही में पिछले हफ्ते इसने अच्छा प्रदर्शन किया था। बैंक का फायदा दूसरी तिमाही में 30% बढ़कर 5,511 करोड़ रुपए हो गया था। इसका असर इसके शेयर पर दिखा है।
उधर IRCTC के शेयर्स में गिरावट जारी है। शेयर 12% गिर कर पहली बार 4 हजार के नीचे पहुंच गया। आज यह शेयर 3,960 पर पहुंच गया। पिछले हफ्ते से इस शेयर में गिरावट जारी है। 19 अक्टूबर को यह शेयर 6,393 रुपए पर था और कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपए था। अभी इसका मार्केट कैप 65 हजार करोड़ रुपए हो गया है। यानी मार्केट कैप 35 हजार करोड़ रुपए घट गया।
डीमार्ट चलाने वाली अवेन्यू सुपरमार्ट के भी शेयर्स में गिरावट जारी है। इसका शेयर 3% गिरकर 4,350 रुपए पर पहुंच गया। मार्केट कैप 2.85 लाख करोड़ रुपए हो गया है। पिछले हफ्ते यह शेयर 5,899 रुपए पर और मार्केट कैप 3.51 लाख करोड़ रुपए था। मार्केट कैप में 65 हजार करोड़ रुपए की कमी आई है।
पारस डिफेंस भी अब लोअर सर्किट में है। आज इसका शेयर आज 5% गिर कर 1,150 रुपए पर आ गया है। पिछले हफ्ते यह एक साल के हाई 1,272 रुपए पर था। आज कैनरा बैंक और SBI ने अच्छी बढ़त हासिल की है। SBI का शेयर पहली बार 515 रुपए पर जबकि कैनरा बैंक का शेयर पहली बार 203 रुपए पर पहुंच गया है। SBI का मार्केट कैप 4.50 लाख करोड़ रुपए हो गया है।