ठाणे में 14 साल की लड़की से 30 लोगों ने 8 महीने तक किया बलात्कार, 26 गिरफ्तार
मुंबई- ठाणे में 30 लोगों पर एक 14 साल की लड़की से गैंगरेप का आरोप लगा है। पीड़ित के परिवार वालों की शिकायत पर मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में रेप, अपहरण और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पीड़ित के साथ 8 महीने पहले नाबालिग प्रेमी ने दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपी ने रेप का वीडियो भी बना लिया था। इस वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों ने पीड़ित को ब्लैकमेल कर रेप किया। घटना की जांच के लिए विशेष पुलिस दल का गठन किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना डोंबिवली के भोपर इलाके की है। नाबालिग के साथ 30 लोगों ने अलग-अलग समय और अलग-अलग जगहों पर सामूहिक दुष्कर्म किया है। लड़की को जनवरी 2021 से 22 सितंबर 2021 तक प्रताड़ित किया गया। इससे तंग आकर पीड़ित ने बीती रात मानपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में डोम्बिवली, बदलापुर, रबाले और मुरबाद से आरोपियों को अरेस्ट किया है। गिरफ्तार किए गए कई आरोपी विभिन्न राजनीतिक दलों से भी जुड़े हुए हैं।
ऐसी ही एक वारदात तकरीबन 20 दिन पहले पुणे में भी हुई थी। यहां सड़क किनारे खड़े होकर ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रही एक 14 साल की नाबालिग को कुछ लोग अपने साथ उठा ले गए थे और पांच अलग-अलग जगह ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया था। हालांकि बाद में पुणे पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को अरेस्ट किया था, इसमें 11 ऑटो ड्राइवर और दो रेलवे के कर्मचारी भी शामिल थी। गिरफ्तार आरोपियों में एक पीड़िता का फ्रेंड भी शामिल था।
उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-16 की भाजपा नगरसेविका के कार्यालय में एक महिला के यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला भी सामने आया है। इस मामले में आरोपी प्रतिक सालवी भाजपा का स्थानीय वार्ड अध्यक्ष है। वारदात 15 अगस्त को हुई थी और अब पीड़िता द्वारा केस दर्ज करवाने के बाद मामले का खुलासा हुआ है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि सालवी ने कार्यालय में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत की है।