एलआईसी ने जमकर खरीदे आईटी शेयर, एसबीआई के 3,000 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

मुंबई-आईटी शेयरों में हाल में काफी गिरावट आई है और कई निवेशकों ने इनमें भारी बिकवाली की है। लेकिन देश की सबसे बड़ी संस्थागत निवेशक एलआईसी ने आईटी शेयरों में भारी निवेश किया है। एलआईसी के पोर्टफोलियो में 283 शेयर शामिल हैं जिनकी वैल्यू 17.83 लाख करोड़ रुपये है।

कंपनी ने दिसंबर तिमाही में टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा 3,136 करोड़ रुपये की खरीदारी की। एलआईसी ने साथ ही इस दौरान एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2,293 करोड़ रुपये की खरीदारी की जबकि कोफोर्ज को भी अपने पोर्टफोलियो में जोड़ लिया। इस खरीदारी से आईटी सेक्टर में एलआईसी की होल्डिंग्स 1.82 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2.17 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। एलआईसी की कुल होल्डिंग्स में आईटी सेक्टर की हिस्सेदारी 11.32% से बढ़कर 12.43% पहुंच गई है हालांकि आईटी शेयर अपने पीक से 30 फीसदी गिर चुके हैं।

एआई कंपनी एंथ्रोपिक के हाल में आए एक टूल ने आईटी शेयरों में हाहाकार मचा रखा है। एलआईसी ने जहां टेक शेयरों में खरीदारी की, वहीं फाइनेंशियल सर्विसेज शेयरों में आक्रामक बिकवाली की। देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी ने दिसंबर तिमाही में एसबीआई के 3,080 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए। एचडीएफसी बैंक के1,528 करोड़ रुपये के शेयर और बैंक ऑफ बड़ौदा के 1,173 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

एलआईसी के पोर्टफोलियो में फाइनेंशियल सर्विसेज की हिस्सेदारी 27.21 फीसदी से घटकर 26.52% रह गई है। हालांकि यह 4.64 लाख करोड़ रुपये की वैल्यू के साथ सबसे बड़ा सेक्टर अलॉकेशन बना हुआ है। एलआईसी ने लार्सन एंड टुब्रो में 2,442 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज के 2,367 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए। हिंडाल्को में 2,307 करोड़ रुपये, वेदांता में 1,491 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

एलआईसी ने कोफोर्ज में अपनी हिस्सेदारी एक फीसदी से बढ़ाकर चार फीसदी से ज्यादा कर ली है। हाल में इस शेयर में काफी गिरावट आई है और यह अपने 52 हफ्ते के हाई से 30% नीचे आ चुका है। एलआईसी ने दिसंबर तिमाही में एनडीएमसी, वोल्टास, डॉ. रेड्डीज लैब, एस्ट्राल, इंडियन ओवरसीज बैंक, एक्साइड इंडस्ट्रीज और जेएसडब्ल्यू एनर्जी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *