इन्फोसिस देगी औसतन 85% परफॉर्मेंस बोनस, फरवरी वेतन के साथ खातों में आएगा पैसा

मुंबई- आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने दिसंबर तिमाही के लिए अपने कर्मचारियों को औसतन 85 प्रतिशत परफॉर्मेंस बोनस देने की घोषणा की है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव को लेकर आईटी सेक्टर में अनिश्चितता बनी हुई है। कंपनी के इस कदम से कर्मचारियों के मनोबल को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इंफोसिस में फिलहाल करीब 3.23 लाख कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी ने नवंबर 2024 से अक्टूबर 2025 की अवधि के लिए अपनी वार्षिक मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर ली है और दिसंबर में कर्मचारियों को उनकी व्यक्तिगत रेटिंग भी जारी कर दी गई थी।

कंपनी की आंतरिक सूचना के अनुसार, यह बोनस फरवरी महीने के वेतन के साथ कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाएगा। कर्मचारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, व्यक्तिगत स्तर पर बोनस का भुगतान 75 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक हुआ है। कुछ कर्मचारियों को पिछले क्वार्टर की तुलना में करीब 15 प्रतिशत अधिक राशि मिली है, जबकि कुछ को लक्ष्य के अनुसार पूरा 100 प्रतिशत वेरिएबल पे दिया गया है।

पिछली जुलाई से सितंबर तिमाही में कंपनी ने औसतन 75 प्रतिशत बोनस का भुगतान किया था। मौजूदा तिमाही का भुगतान वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक का सबसे अधिक बताया जा रहा है और यह पिछले पूरे वित्त वर्ष के किसी भी क्वार्टर से ज्यादा है।

इंफोसिस ने जनवरी में तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करते समय अपने राजस्व अनुमान को बढ़ाया था। कंपनी ने बताया था कि मांग में स्थिरता और बड़े डील्स मिलने से कारोबार को मजबूती मिली है। इसी सकारात्मक प्रदर्शन का असर कर्मचारियों के बोनस पर भी दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *