देश की पहली सरकारी कैब टैक्स सर्विस भारत टैक्सी की हो गई अब शुरुआत

मुंबई- देश की पहली सहकारी कैब टैक्सी सर्विस ‘भारत टैक्सी’  दिल्ली और गुजरात के कुछ शहरों में शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में इस एप को लॉन्च किया।  गृह मंत्री ने कहा कि, ‘सर्विस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा और वे खुद इस प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार या मालिक होंगे। पीक आवर्स में यूजर्स को सर्ज प्राइस (ज्यादा किराया) भी नहीं देना होगा। भारत टैक्सी’ का उद्देश्य ड्राइवरों को निजी एग्रीगेटर कंपनियों के मॉडल से आजादी दिलाना है।’

टैक्सी का ट्रायल 2 दिसंबर को दिल्ली और गुजरात के राजकोट में शुरू किया गया था, जो सफल रहा है। लॉन्चिंग के दौरान अमित शाह एप के ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 6 ड्राइवर्स (जिन्हें ‘सारथी’ कहा गया है) को सम्मानित किया। इन ड्राइवर्स को कंपनी के शेयर सर्टिफिकेट बांटे गए। सम्मानित होने वाले ड्राइवर्स को 5 लाख रुपए का एक्सिडेंटल और 5 लाख रुपए का फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस कवर दिया गया। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म से जुड़ने वाले सभी ड्राइवर्स के लिए रिटायरमेंट सेविंग्स और ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गईं।

निजी कंपनियां जैसे ओला और उबर आमतौर पर ड्राइवरों की कमाई से 20% से 30% तक कमीशन वसूलती हैं। इसके उलट, भारत टैक्सी ‘जीरो-कमीशन’ मॉडल पर काम करेगी। यानी ड्राइवर जितनी कमाई करेगा, वह सीधे उसके पास जाएगी। इसके साथ ही, ग्राहकों के लिए भी राहत की बात यह है कि इसमें ‘सर्ज-प्राइसिंग’ (पीक ऑवर्स में ज्यादा किराया) का सिस्टम नहीं होगा। इससे यात्रियों को भी किफायती दरों पर टैक्सी मिल सकेगी।

भारत टैक्सी को अगले दो साल में देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों में शुरू करने का टारगेट है। इसके लिए सरकार के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के साथ इसे इंटीग्रेट किया जाएगा। दिल्ली के 7 प्रमुख स्थानों पर ड्राइवरों के लिए सपोर्ट सेंटर भी शुरू किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *