विदेशी बाजार में सोना करीब 5 फीसदी उछला, नवंबर 2008 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी तेजी
मुंबई- सोने और चांदी की कीमतों में दो दिनों की गिरावट के बाद फिर बड़ी तेजी आ रही है। मंगलवार को स्पॉट गोल्ड की कीमत दिन के कारोबार में 4.9 फीसदी उछलकर 4,895.69 डॉलर पर पहुंच गई। यह नवंबर, 2008 के बाद एक दिन का सबसे बड़ा उछाल है। निवेशकों ने दो दिनों की गिरावट में दोनों बहुमूल्य धातुओं की जमकर खरीदी की। इस कारण कीमतों में तेजी देखी गई।
स्पॉट गोल्ड का भाव सोमवार को 4,403.24 डॉलर के स्तर पर पहुंच गया था। पिछले सप्ताह का 5,594.82 डॉलर प्रति औंस का स्तर फिलहाल ऐतिहासिक उच्चतम स्तर बना हुआ है। अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोने के वायदा भाव में 5.7 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 4,918.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी की कीमत 8.6 फीसदी बढ़कर 86.3 डॉलर प्रति औंस हो गई। शुक्रवार को इसमें रिकॉर्ड 27% की एक दिवसीय गिरावट और सोमवार को 6% की और गिरावट आई थी।
विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा केविन वॉर्श को अगले फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के रूप में नामित करने की घोषणा के बाद बाजार में अत्यधिक बिकवाली हुई थी। आप यह भी देख रहे हैं कि जिन निवेशकों ने मुनाफावसूली के लिए शेयर बेचे थे, वे अब कीमतों को फिर से आकर्षक मानकर खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि निवेशक वॉर्श द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि वे फेड की बैलेंस शीट को मजबूत करेंगे जो आमतौर पर डॉलर के लिए सहायक कदम होता है।
रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचेगी सोने की कीमत
विश्लेषकों का मानना है कि सोने की तेजी जारी रहेगी और इस साल के अंत तक यह नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच जाएगी। सोने ने अब 4,858 डॉलर पर अपनी पहली बाधा को पार कर लिया है। इससे अगला लक्ष्य 5,000 डॉलर की ओर केंद्रित हो गया है।

