देश के स्टार्टअप क्षेत्र में सालाना आधार पर 32 फीसदी से ज्यादा हुई भर्तियां
मुंबई- देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम में सालाना आधार पर 32 प्रतिशत ज्यादा भर्ती हुई है। पिछले तीन महीनों में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।फाउंड-इट की रिपोर्ट के अनुसार, भारत का संगठित रोजगार बाजार मजबूत बना हुआ है, जिसमें सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में नए स्टार्टअप पंजीकरण में 22 प्रतिशत की वृद्धि से भर्ती की यह गति और अधिक मजबूत हुई है। स्टार्टअप के विस्तार के तरीके में एक बड़ा बदलाव आया है। विकास अब केवल प्रमुख महानगरीय क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। टियर-2 शहरों में भी मजबूत विस्तार हो रहा है। अनुभवी पेशेवरों की भर्ती पर जोर बढ़ रहा है, जो दीर्घकालिक स्थिरता पर रणनीतिक ध्यान केंद्रित करने को दर्शाता है।
स्टार्टअप भर्ती में 32 फीसदी के साथ आईटी सर्विस सबसे आगे है। 2024 में 23 प्रतिशत था। हेल्थकेयर में स्टार्टअप भर्ती 6 प्रतिशत से बढ़कर 9 प्रतिशत हो गया है। मीडिया एंड एंटरटेनमेंट और एजुकेशन/ई-लर्निंग जैसे सेक्टर में कमी आई है। टियर-2 शहर तेजी से प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में उभर रहे हैं, जहां अप्रैल, 2024 में उनकी नौकरी की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत से बढ़कर अप्रैल, 2025 में 31 प्रतिशत हो गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, कोयंबटूर, जयपुर, इंदौर, लखनऊ और भुवनेश्वर स्टार्टअप भर्ती का नेतृत्व कर रहे हैं। बंगलूरू, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में स्टार्टअप की भर्तियों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि चेन्नई और हैदराबाद में स्थिति स्थिर रही।