प्रियंका गांधी भी म्यूचुअल फंड से कर रहीं कमाईं, जानिए कहां लगाती हैं दांव
मुंबई- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड से चुनाव लड़ने के लिए पर्चा भर दिया है। प्रियंका गांधी की ओर से पेश हलफनामे के मुताबिक उनकी संपत्ति 12 करोड़ रुपये से ज्यादा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके पास 4.24 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। इसमें म्यूचुअल फंड में निवेश भी शामिल है।
हलफनामे के मुताबिक प्रियंका गांधी ने सिर्फ एक ही म्यूचुअल फंड में निवेश किया है। उन्होंने इसमें 2.25 करोड़ रुपये की रकम निवेश की है। इस म्यूचुअल फंड का नाम फ्रैंकलिन इंडिया फ्लैक्सी कैप फंड है। प्रियंका गांधी ने शेयर मार्केट में कोई निवेश नहीं किया है। प्रियंका गांधी ने जिस म्यूचुअल फंड में निवेश किया है, उसका औसतन सालाना रिटर्न जबर्दस्त है।
फ्रैंकलिन की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक यह 30 साल पुराना फंड है। यह म्यूचुअल फंड हाई रिस्क कैटेगिरी में आता है। यह फंड इक्विटी में 95.93%, डेट फंड में 0.14% और बाकी अन्य में निवेश करता है। 30 सितंबर तक इसके इन्वेस्टर की संख्या 3.20 लाख है।
एकमुश्त निवेश में इसने पिछले एक साल में इसने करीब 40% का रिटर्न दिया है। वहीं अगर तीन साल के रिटर्न की बात करें तो इसने सालाना आधार पर 17.73% रिटर्न दिया है। 5 साल में सालाना आधार पर इसका रिटर्न अच्छा रहा है। इतने समय में इसने सालाना औसतन करीब 23% रिटर्न दिया है। वहीं 20 साल में इसने सालाना आधार पर 18.64% रिटर्न निवेशकों को दिया है।