चार साल में चार गुना बढ़ गए उत्तर भारत में शेयर बाजार के निवेशक

नई दिल्ली। उत्तर भारत के लोग अब प्रॉपर्टी और सोना जैसे पारंपरिक निवेशों के बजाय शेयर बाजार में किस्मत आजमा रहे हैं। इसका असर यह हुआ कि पिछले चार वर्षों में उत्तर भारत के निवेशकों की संख्या में चार गुना की वृद्धि हुई है। इसमें शीर्ष पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान हैं। हालांकि, छोटे राज्यों जैसे पूर्वी भारत में भी निवेशकों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2020 में उत्तर भारत में कुल 88.4 लाख निवेशक थे। इस साल जुलाई तक इनकी संख्या बढ़कर 3.57 करोड़ हो गई है। यानी 304 फीसदी की तेजी। पश्चिम भारत में इसी दौरान 1.08 करोड़ से बढ़कर 3.05 करोड़ निवेशक हो गए हैं। 182 फीसदी की तेजी। दक्षिण भारत में निवेशकों की संख्या 75 लाख से बढ़कर 1.89 करोड़ हो गई है। इसमें 172 फीसदी की तेजी आई है। पूर्वी भारत में 30 लाख से 296 फीसदी बढ़कर कुल 1.19 करोड़ निवेशक हो गए हैं।

निवेशकों की संख्या में भारी तेजी का प्रमुख कारण लोगों की बढ़ती आय, शेयर बाजार के प्रति लोगों में जागरुकता, इंटरनेट की बेहतर सुविधा के साथ आधार तक पहुंच है। विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में देश की बहुत बड़ी आबादी शेयर बाजार में निवेश करती दिखेगी।

अप्रैल से लेकर जुलाई तक उत्तर भारत में 33.3 लाख निवेशक बढ़े हैं। पश्चिमी भारत में 19.6 लाख और दक्षिण भारत में 14.9 लाख निवेशक बढ़े हैं। पूर्वी भारत में निवेशकों वाले प्रमुख राज्यों में उत्तर पूर्व, पश्चिम बंगाल और ओडीशा है। यहां चार साल में 89 लाख निवेशक बढ़े हैं।

2021 के बाद से देश भर में खुदरा निवेशकों में जो चार गुना बढ़त हुई है, उसका अधिकांश हिस्सा उत्तर प्रदेश जैसे कम पहुंच वाले बाजारों से आ रहा है। यहां ज्यादा आबादी है, लेकिन इसकी पहुंच शेयर बाजारों तक नहीं थी।

उत्तर प्रदेश में 2020 में कुल 23 लाख निवेशक थे। कुल पंजीकृत निवेशकों का 7.4% हिस्सा था। अब 1.10 करोड़ के साथ इसकी हिस्सेदारी 11.1 फीसदी हो गई है। महाराष्ट्र और गुजरात में निवेशकों की कुल हिस्सेदारी में गिरावट आई है। महाराष्ट्र में 1.67 करोड़ निवेशक हैं। 2020 में इसकी हिस्सेदारी 19.2 फीसदी थी जो अब 16.8 फीसदी रह गई है। 87 लाख निवेशकों के साथ गुजरात की हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2020 में 12.2% से घटकर 8.8% हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *