मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ गौतम अदाणी एशिया के सबसे अमीर कारोबारी
मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी को पीछे छोड़कर अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी अब एशिया और भारत में सबसे अमीर कारोबारी बन गए हैं। अदाणी समूह के शेयरों में हालिया तेजी के बाद उनकी संपत्ति में इजाफा हुआ है।
ब्लूमबर्ग अरबपतियों की सूची के अनुसार, अदाणी की संपत्ति 111 अरब डॉलर रही है। वे दुनिया में 11वें सबसे अमीर कारोबारी हैं। अंबानी 109 अरब डॉलर के साथ 12वें स्थान पर हैं। समूह की 90 अरब डॉलर की निवेश योजना के बाद अमेरिकी ब्रोकरेज हाउस जेफरीज ने शेयरों को खरीदने की सलाह दी थी। इससे अदाणी समूह के शेयरों में शुक्रवार को 14 फीसदी तक की तेजी आई थी।
शुक्रवार को अदाणी समूह की कंपनियों की पूंजी 84,000 करोड़ रुपये बढ़ गई जिससे सभी समूह की कुल पूंजी 17.51 लाख करोड़ रुपये हो गई। 61 वर्षीय गौतम अदाणी 2022 में एशिया के सबसे अमीर कारोबारी बने थे। हालांकि, 2023 में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद शेयरों में 70 फीसदी तक की गिरावट आने से वे 30वें स्थान तक चले गए थे।