पिछले वित्त वर्ष में शुद्ध डायरेक्ट टैक्स 18 पर्सेंट बढ़कर 19.58 लाख करोड़
मुंबई- वित्त वर्ष 2023-24 (FY24) में नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन (प्रोविजनल) सालाना आधार पर 17.7% बढ़कर 19.58 लाख करोड़ रुपए हो गया। बीते वित्त वर्ष 2022-23 में 16.63 लाख करोड़ रुपए का नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन हुआ था।
यानी बीते साल के मुकाबले नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में 2.95 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वहीं वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन (प्रोविजनल) 18.48% बढ़कर 23.37 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान 3.79 लाख करोड़ रुपए का रिफंड भी जारी किया गया है। ये पिछले साल की तुलना में किए गए रिफंड से 22.74% ज्यादा है। ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में से रिफंड करने के बाद जो पैसा बचता है वहीं नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन होता है।
ग्रॉस पर्सनल इनकम टैक्स सालाना आधार पर 24.26% बढ़कर 12.01 लाख करोड़ रुपए (प्रोविजनल) पर पहुंच गया। वहीं नेट पर्सनल इनकम टैक्स 25.23% की ग्रोथ देखने को मिली और ये 10.44 लाख करोड़ रुपए (प्रोविजनल) रहा।