मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने खरीदी रॉल्स रॉयल, 12 करोड़ की कार
मुंबई- एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने 12 करोड़ रुपये की एक सुपर लग्जरी कार खरीदी है। देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन के पास करीब 168 लग्जरी कारों का कलेक्शन है। इनमें Maybach, Ferrari, Bentley, Mercedes-Benz और BMW कंपनी की कारें शामिल हैं। लेकिन अंबानी परिवार का रोल्स रॉयस के साथ खास लगाव है।
अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी का हाल में एक वीडियो सामने आया था। इसमें वह 10 करोड़ रुपये की गाड़ी रोल्स-रॉयस कलिनन ब्लैक बेज (Rolls Royce Cullinan Black Badge) में बैठकर दुबई के एक मॉल में शॉपिंग के लिए जा रहे थे। अब खबर आई है कि नीता अंबानी ने नई रोल्स रॉयस फैंटम VIII की डिलीवरी ली है। पिंक कलर की इस गाड़ी को खासतौर पर नीता अंबानी के लिए डिजाइन किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में रोल्स रॉयस की इस गाड़ी की कीमत 12 करोड़ रुपये है। नीता अंबानी ने जो गाड़ी खरीदी है, वह एक्सटेंडेड व्हील वर्जन है। इंटरनेट पर तेजी से इस गाड़ी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इसे खासतौर पर नीता अंबानी के लिए कस्टमाइज किया गया है। इसकी सीट पर NMA लिखा गया है जिसे नीता मुकेश अंबानी से जोड़कर देखा जा रहा है। इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका रंग है।
अमूमन रोल्स रॉयस की कारों का रंग काला और सफेद होता है लेकिन नीता अंबानी की कार को ऑर्किड वेलवेट इंटीरियर के साथ रोज क्वार्ट्ज पेंट स्कीम से सजाया गया है। कार के फ्रंट में रोल्स रॉयस के लोगो को गोल्डन कलर दिया गया है। इसमें 6.75 लीटर की क्षमता का ट्विन टर्बो V12 इंजन लगा है। जो 571 बीएचपी की दमदार पावर और 900 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है।
हाल में इस कार को मुंबई की सड़कों पर सुरक्षा गाड़ियों के काफिले के साथ देखा गया था। मुकेश अंबानी ने पिछले साल अपनी पत्नी को रोल्स रॉयस कलिनन ब्लैक बेज गिफ्ट की थी। भारत में इसकी कीमत 10 करोड़ रुपये है और यह भारत की सबसे महंगी गाड़ियों में से एक है।
माना जा रहा है कि भारत में केवल तीन लोगों के पास यह गाड़ी है। इनमें मुकेश अंबानी, अभिनेता शाहरुख खान और हैदराबाद को कारोबारी नसीर खान शामिल हैं। मुकेश अंबानी के पास इसके अलावा बेंटले, लैंड रोवर रेंज रोवर, कैडिलेक, टेस्ला, पोर्श, फेरारी, मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, ऑडी, लेक्सस, वॉल्वो, टोयोटा समेत कई अन्य कंपनियों की लग्जरी गाड़ियां हैं। अंबानी फैमिली की सुरक्षा में टोयोटा फॉर्च्यूनर, मर्सिडीज बेंज जी-क्लास, लैंड रोवर डिस्कवरी, मर्सिडीज बेंज वी क्लास और एमजी ग्लॉस्टर के साथ ही टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस जैसी गाड़ियां हैं।