मुकेश अंबानी और अदाणी से ज्यादा इस साल इस महिला की संपत्ति बढ़ी
मुंबई- साल 2023 समाप्त होने का आया है। इस साल मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani), गौतम अदाणी (Gautam Adani) या कुमार बिड़ला (Kumar Birla) ने अपनी कुल संपत्ति में सबसे अधिक इजाफा नहीं किया है। इस साल मां लक्ष्मी की सबसे अधिक कृपा सावित्री जिंदल (Savitri Jindal) पर रही।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति सबसे अधिक 9.5 अरब डॉलर तक बढ़ी है। 19 दिसंबर तक, 25.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सावित्री भारत की सबसे अमीर महिला हैं।
सावित्री अपने दिवंगत पति ओम प्रकाश जिंदल द्वारा स्थापित 23 अरब डॉलर के ग्रुप ओपी जिंदल ग्रुप को नियंत्रित करती हैं। नई दिल्ली स्थित समूह की JSW स्टील, JSW स्टील एंड पावर, JSW एनर्जी, जिंदल सॉ और जिंदल स्टेनलेस सहित अन्य में हिस्सेदारी है।
इनमें से अधिकांश कंपनियों ने 2023 में भारतीय शेयर बाजारों में तेजी देखी है, जिससे सावित्री की कुल संपत्ति में वृद्धि हुई है। JSW स्टील में उनकी हिस्सेदारी वर्तमान में 7.20 अरब डॉलर है, इसके बाद जिंदल स्टील एंड पावर में 4.72 अरब डॉलर है।
ग्रुप के पास JSW इंफ्रास्ट्रक्चर में भी 83 फीसदी हिस्सेदारी है, जो इस साल अक्टूबर में सार्वजनिक हुई थी। सूचीबद्ध होने के बाद से, कंपनी के शेयरों में भारतीय शेयर बाजारों में 44 प्रतिशत से अधिक का उछाल आया है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, JSW इंफ्रास्ट्रक्चर में सावित्री की हिस्सेदारी फिलहाल 4.95 अरब डॉलर है।
73 वर्षीय सावित्री के बाद रियल एस्टेट डेवलपर DLF लिमिटेड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केपी सिंह हैं। सिंह की कुल संपत्ति 2023 में 7.15 अरब डॉलर से बढ़कर 15.4 अरब डॉलर हो गई। यह मुख्य रूप भारतीय शेयर बाजारों में रियल्टी शेयरों में तेजी के कारण हुआ था।
DLF के शेयर की कीमत 2023 में लगभग 84 प्रतिशत उछली है, जो 2 जनवरी को 380.25 रुपये से बढ़कर 19 दिसंबर को 699.65 रुपये हो गई। सिंह के बाद आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार बिड़ला का नंबर आता है। बिड़ला ग्रुप के पास भारत की सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता ग्रासिम इंडस्ट्रीज में एक तिहाई हिस्सेदारी भी है। उनके पास आदित्य बिड़ला कैपिटल में 14 फीसदी और वोडाफोन आइडिया में 10 फीसदी हिस्सेदारी है।
दुनिया में 13वें नंबर पर मौजूद रिलायंस ग्रुप के मुकेश अंबानी 92.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर भारतीय हैं। 2023 में उनकी कुल संपत्ति 5.16 अरब डॉलर बढ़ गई। नेट वर्थ में उनके बाद गौतम अदाणी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 85.1 अरब डॉलर है।
अदाणी की संपत्ति में 35.4 अरब डॉलर की भारी गिरावट देखी गई, जिसका मुख्य कारण अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के बाद हुई बिकवाली थी। अंबानी और अदाणी के बाद पल्लोनजी मिस्त्री के बेटे शपूर मिस्त्री थे, जिनकी कुल संपत्ति 34.1 अरब डॉलर थी।