अदाणी अमीरों की सूची में 38वें स्थान पर, 87 अरब डॉलर घट गई संपत्ति
मुंबई- हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद से लगातार शेयरों में गिरावट से अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी अमीरों की सूची में सोमवार को 38वें स्थान पर खिसक गए। 24 जनवरी को रिपोर्ट आने से पहले वे दूसरे स्थान पर थे। इसी दौरान उनकी संपत्ति 120 अरब डॉलर से घटकर 33 अरब डॉलर रह गई है। फरवरी, 2021 के बाद उनकी संपत्ति का यह निचला स्तर है। मुकेश अंबानी की 83 अरब डॉलर की संपत्ति से वे अब 50 अरब डॉलर पीछे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, 33 दिन में अब तक उनकी कंपनियों के शेयरों में 85 फीसदी तक की गिरावट आ चुकी है। हिंडनबर्ग ने यही आरोप लगाया था कि इन शेयरों का मूल्य वास्तविक मूल्य से 85 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान अदाणी की कुल 10 कंपनियों के शेयरों की पूंजी अगस्त, 2021 के बाद पहली बार 7 लाख करोड़ से भी नीचे 6.82 लाख करोड़ रुपये रह गई है, जो रिपोर्ट आने से पहले 19.20 लाख करोड़ रुपये थी। यानी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (टीसीएस) के 12.19 लाख करोड़ से भी ज्यादा गिरावट अदाणी की कंपनियों में आई है।
अदाणी के शेयरों में सोमवार को भी भारी गिरावट रही। लगातार गिरावट का असर यह रहा कि समूह की 10 में से अब केवल दो ही कंपनियां ऐसी हैं, जिनका बाजार पूजीकरण एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। पूंजीकरण के लिहाज से अदाणी समूह अब आईसीआईसीआई समूह से भी पीछे हो गया है जिसका कुल पूंजी 7.23 लाख करोड़ रुपये रहा है।