सेबी ने रेटिंग एजेंसियों से अदाणी के कर्जों मांगा ब्योरा, 11.26 लाख करोड़ घटा मार्केट कैप 

मुंबई- हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों के बाद से अदाणी समूह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब बाजार नियामक सेबी ने क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों से अदाणी समूह की कंपनियों की ओर से लिए गए लोकल कर्ज और सिक्योरिटीज की रेटिंग्स की जानकारी मांगी है। 

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने रेटिंग एजेंसियों को सभी आउटस्टैंडिंग रेटिंग्स, अदाणी समूह के अधिकारियों के साथ कोई संभावित चर्चा और अपना नजरिया (आउटलुक) साझा करने का निर्देश दिया है। 

मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि पूंजी बाजार नियामक शायद यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि अदाणी समूह की कई कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट की वजह से उसकी लिक्विडिटी (पूंजी) की स्थिति और कर्ज चुकाने की क्षमता पर कोई असर पड़ेगा या नहीं। हालांकि, इनमें से अधिकांश जानकारियां पहले से ही सार्वजनिक हैं। 

एक बैंकर ने बताया कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट जारी हुए करीब एक महीने हो चुके हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर रेटिंग्स में बदलाव जैसी किसी कार्रवाई का अनुमान नहीं है। ऐसी स्थिति में रेटिंग एजेंसियां अदाणी समूह की कंपनियों की रेटिंग्स में संशोधन के लिए इनके शेयरों में आगे और गिरावट या किसी अन्य डेवलपमेंट को आधार बनाएंगी। 

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद से अब तक सिर्फ एसएंडपी और मूडीज जैसी विदेशी रेटिंग एजेंसियों ने ही बाजार पूंजीकरण में गिरावट के कारण अदाणी समूह की कुछ कंपनियों के परिदृश्य को ‘स्थिर’ से ‘नकारात्मक’ किया है। वहीं, भारतीय एजेंसियों का मानना है कि अदाणी समूह अपने कुछ पूंजीगत खर्च की समीक्षा करेगा। इंडेक्स प्रदाता एफटीएसई रसेल ने 18 फरवरी को कहा था कि वह अदाणी समूह के शेयरों से जुड़ीं जानकारियों की निगरानी कर रहा है। इसके आधार पर ही वह किसी बदलाव की दिशा में आगे बढ़ेगा। 

अदाणी समूह के शेयरों में एक महीने में शेयरों में 75 फीसदी तक की गिरावट आई है।  अदाणी ग्रीन 75.3 फीसदी, अदाणी टोटल  गैस 78.4 फीसदी, अदाणी ट्रांसमिशन  74.9 फीसदी , अदाणी पोर्ट 29.3 फीसदी , अदाणी इंटरप्राइजेज      65.3 फीसदी, अदाणी विल्मर  33.3 फीसदी, अदाणी पावर  42.7 फीसदी, अंबुजा सीमेंट  34.2, एसीसी 25.7 फीसदी और एनडीटीवी  में 30.1 फीसदी की गिरावट आई है।  

एक साल के ऊपरी स्तर से देखें तो इन शेयरों में 86 फीसदी तक की गिरावट आई है। अदाणी ग्रीन एनर्जी 86.4 फीसदी, अदाणी ट्रांसमिशन 85.5 फीसदी, टोटल गैस 83 फीसदी, एनडीटीवी 67 फीसदी अदाणी इंटरप्राइजेज 66.6 फीसदी, अदाणी पावर 65 फीसदी और अदाणी विल्मर 58 फीसदी से ज्यादा टूटा है। 

अदाणी समूह की 11 सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 11.62 लाख करोड़ घटकर 7.58 लाख करोड़ रुपये रह गया। 24 जनवरी, 2023 को यह 19.20 लाख करोड़ रुपये था। मंगलवार को यह 8.09 लाख करोड़ रुपये था। पूंजीकरण के लिहाज से 24 जनवरी तक यह देश का दूसरा सबसे बड़ा समूह था। अब चौथे स्थान पर आ गया है। 

अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी बुधवार को अमीरों की सूची में खिसककर 26वें स्थान पर पहुंच गए। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से पहले 24 जनवरी, 2023 तक वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी थे। उस समय उनकी संपत्ति 120 अरब डॉलर थी, जो अब 50 अरब डॉलर से भी घटकर 43.4 अरब डॉलर रह गई है। इस तरह, उनकी संपत्ति 74 अरब डॉलर घट गई है। बुधवार को इसमें 6.2 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *