पिछले साल इलेक्ट्रिक की गाड़ियों की बिक्री का आंकड़ा पहुंचा 10 लाख के पार
मुंबई- देश में साल 2022 में इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EV) की बिक्री का आंकड़ा 10 लाख पर पहुंच गया। यह 2021 की तुलना में तीन गुना से भी ज्यादा है। हाल ही में आए आर्थिक सर्वेक्षण में सरकार का अनुमान है कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या साल 2030 तक 1 करोड़ को पार कर जाएगी, साथ ही इससे जुड़ी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियों की संख्या भी लगभग 5 करोड़ से ज्यादा होने की उम्मीद है। EV और हायरिंग सेक्टर से जुड़े एक्सपर्ट्स का भी मानना है कि EV सेक्टर देश में नौकरियों का एक प्रमुख स्रोत बन सकता है।
सरकार की कोशिश है कि 2030 तक कुल वाहनों की बिक्री में EV की हिस्सेदारी 30% हो जाए। वाहनों की बढ़ती संख्या से ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स और कंपोनेंट कंपनियों का एक विशाल इकोसिस्टम निर्मित होगा। इनसे जुड़े क्षेत्रों में लाखों नए कौशल की भी जरूरत होगी।
भारत में साल 2013 में महज 2,693 इलेक्ट्रिक वाहन बिके थे। 2022 में यह आंकड़ा बढ़कर 9,99,949 हो गया। यानी इस दौरान EV की बिक्री सालाना औसतन 80.71% की दर से बढ़ी।