जून महीने में निवेशकों के शेयर बाजार में डूबे 13 लाख करोड़ रुपये
मुंबई- शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए जून का महीना अच्छा नहीं रहा। इस दौरान बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स में करीब 2300 अंक यानी 4.5 फीसदी गिरावट आई। इससे निवेशकों को 13 लाख करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ।
30 जून को बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 243.65 लाख करोड़ रुपये रह गया जो एक महीने पहले की तुलना में 13 लाख रुपये कम है। जून में सेंसेक्स 50,921 अंक तक लुढ़क गया था जो इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर है। जून तिमाही में शेयर बाजार में करीब 9.5 फीसदी गिरावट आई जो 2020 की मार्च तिमाही के बाद सबसे खराब प्रदर्शन है।
इस तिमाही निफ्टी मेटल में सबसे ज्यादा 27.4 फीसदी गिरावट आई। हालांकि इस दौरान निफ्टी ऑटो इंडेक्स में करीब 11 फीसदी तेजी आई। जोमैटो में लगातार चौथे दिन गिरावट रही। इस महीने सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल 11 में तेजी आई। इनमें एक्सिस बैंक, एसबीआई (SBI) और कोटक महिंद्रा बैंक शामिल हैं।
इस दौरान टेक महिंद्रा, बजाज को दोनों शेयरों, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील में करीब दो फीसदी गिरावट आई। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो केवल बीएसई ऑटो इंडेक्स में ही जून में तेजी देखने को मिली। इस महीने इस इंडेक्स में करीब दो फीसदी तेजी रही। टीवीएस मोटर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अशोक लीलेंड और मारुति सुजुकी में सबसे ज्यादा तेजी आई। दूसरी ओर बीएसई मेटल में 12 फीसदी गिरावट आई। वेदांता, नाल्को, हिंडाल्को, टाटा स्टील और हिंदुस्तान जिंक में सबसे ज्यादा गिरावट रही।