गुरुवार को निवेशकों को 13.4 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ   

मुंबई- रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुई लड़ाई से भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों को गुरुवार को 13.4 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ से घटकर 242.28 लाख करोड़ रुपए हो गया।  

बुधवार को रिलायंस का मार्केट कैप 16.05 लाख करोड़ रुपए था जो कल 15.25 लाख करोड़ रुपए है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) को 53 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। इसका मार्केट कैप 13.11 लाख करोड़ से गिरकर 12.58 लाख करोड़ रुपए हो गया। HDFC बैंक का वैल्यू 46 हजार करोड़ रुपए कम होकर 7.86 लाख करोड़ रुपए हो गया। बुधवार को यह 8.32 लाख करोड़ रुपए था।  

अडाणी ग्रीन एनर्जी को 12 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ और इसका मार्केट कैप 2.98 लाख करोड़ रुपए रह गया। वैसे अडाणी ग्रुप की कंपनियों को 15 फरवरी के बाद से 47 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। इसमें अडाणी टोटल गैस को सबसे ज्यादा करीबन 17 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है।

रूस और यूक्रेन की लड़ाई से रसिया के बाजार को गुरुवार को 250 अरब डॉलर यानी 18.75 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। इसका शेयर बाजार 45% टूट गया। इस घटना के बाद से कच्चे तेल की कीमतें 105 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गई हैं। सोने की कीमतें 2020 के बाद सबसे ऊपरी लेवल पर आ गई हैं। यह 3% बढ़कर 1971 डॉलर प्रति औंस पर है।  

कल बैंकिंग सेक्टर के शेयर्स जमकर पिटे हैं। इनमें 7% तक की गिरावट आई है। देश के सबसे बड़े बैंक SBI का मार्केट कैप 4.44 से घटकर 4.24 लाख करोड़ रुपए हो गया। यानी 23 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। HDFC को भी 17 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ। इसका मार्केट कैप 4.24 लाख करोड़ रुपए रहा। इसी तरह बजाज फाइनेंस को 26 हजार करोड़ रुपए, एयरटेल को 30 हजार करोड़ और कोटक महिंद्रा बैंक को 19 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।  

वैसे अक्टूबर में जब सेंसेक्स 62 हजार के रिकॉर्ड पर था, तब मार्केट कैप 274 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया था। उस लेवल से देखें तो यह घाटा 32 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है। 24 फरवरी को देश की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से निवेशकों को 80 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।  

इसी तरह इंफोसिस का मार्केट कैप 7.33 लाख करोड़ से घटकर 7.05 लाख करोड़ रुपए हो गया, जिसमें 28 हजार करोड़ की कमी आई। हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का वैल्यू 21 हजार करोड़ रुपए कम होकर 5.10 लाख करोड़ रुपए रह गया जो बुधवार को 5.31 लाख करोड़ रुपए था। बैंकिंग शेयर्स में इंडसइंड बैंक 7.88%, एक्सिस बैंक 5.99%, HDFC बैंक 5.48% SBI 5.20, ICICI बैंक 5.03% और कोटक बैंक 4.98% टूटकर बंद हुए। इनके अलावा टेक कंपनियों पर भी बुरा असर रहा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *