अमेजन का शेयर 13.5% बढ़ा, मार्केट कैप में 190 अरब डॉलर की बढ़त
मुंबई- अमेजन का स्टॉक शुक्रवार को रिकॉर्ड 13.5% बढ़कर बंद हुआ। एक दिन में इसके शेयर्स की कीमत में यह सबसे ज्यादा बढ़त है। अमेरिकी शेयर बाजार में कंपनियों का रिकॉर्ड बन रहा है। एक दिन पहले मेटा के शेयर्स के भाव में भारी गिरावट आई थी।
गुरुवार को मेटा के शेयर्स का भाव 26% टूटा जिससे इसका मार्केट कैप 17 लाख करोड़ रुपए घट गया। इसके संस्थापक मार्क जकरबर्ग की संपत्ति में 2.22 लाख करोड़ रुपए की कमी एक दिन में आई। शुक्रवार को अमेजन के शेयर्स में भारी बढ़त से कंपनी का मार्केट कैप 190 अरब डॉलर बढ़ गया। इस वजह से इसके संस्थापक जेफ बेजोस अब दूसरे नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन हैं।
अमेजन का शेयर्स शुक्रवार को सबसे ज्यादा ट्रेड करने वालों में था। एपल, माइक्रोसॉफ्ट, और गूगल की ओनर अल्फाबेट इंक अभी भी सबसे ज्यादा मूल्वयान कंपनियां अमेरिका की हैं। एपल का मार्केट कैप 2.8 लाख करोड़ डॉलर, माइक्रोसॉफ्ट का 2.3 लाख करोड़ डॉलर और अल्फाबेट का मार्केट कैप 1.9 लाख करोड़ डॉलर है।
अमेजन के शेयर्स में इसलिए बढ़त आई क्योंकि कंपनी ने अनुमान से ज्यादा फायदा कमाया है। इसने कहा कि अमेरिकी में इसने प्राइम सब्सक्रिप्शन की दर में 17% का इजाफा किया है। उससे पहले मेटा के शेयर्स में गिरावट से इसके मार्केट कैप में 200 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी आई थी। यह किसी अमेरिकी कंपनी के इतिहास में एक दिन में सबसे अधिक गिरावट थी।
जेफ बेजोस की संपत्ति शुक्रवार को 1.41 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 13.73 लाख करोड़ रुपए हो गई। पहले नंबर पर टेस्ला के मालिक एलन मस्क हैं। उनकी संपत्ति 17.92 लाख करोड़ रुपए है। बिल गेट्स चौथे नंबर पर हैं। इस साल में मस्क की संपत्ति 2.37 लाख करोड़ रुपए कम हुई है। जबकि बेजोस की 75 हजार करोड़ रुपए घटी है।
इससे पहले 28 जनवरी को एपल के मार्केट कैप में एक दिन में 181 अरब डॉलर की बढ़त देखी गई थी। ऐसा इसलिए क्योंकि इसके आई फोन की तिमाही रिपोर्ट बहुत अच्छी आई थी। अमेजन का मार्केट कैप अब 1.6 लाख करोड़ डॉलर है जबकि मेटा का मार्केट कैप 660 अरब डॉलर है।