TCS के शेयर्स से कमा सकते हैं 20% का मुनाफा, जानिए तरीका
मुंबई- अगर आपके पास टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) का शेयर नहीं है तो अभी भी समय है कि आप इसे खरीद लें। ऐसा इसलिए क्योंकि 3 महीने में 20% तक का मुनाफा कमा सकते हैं। TCS देश की सबसे बड़ी IT कंपनी है। दुनिया में यह दूसरे नंबर पर आती है। इसका मार्केट कैप 14.05 लाख करोड़ रुपए है। मंगलवार को इसके भाव में डेढ़ पर्सेंट का उछाल देखा गया। कंपनी लगातार फायदा कमाने वाली रही है।
कंपनी ने कहा कि वह 18 हजार करोड़ रुपए के शेयर को खरीदेगी। यानी 4 करोड़ से ज्यादा स्टॉक वापस लिए जाएंगे। इसमें 60 लाख शेयर्स या 15% हिस्सा रिटेल निवेशकों से लिया जाएगा। रिटेल निवेशक का मतलब वे निवेशक, जिनके पास 2 लाख रुपए से कम के शेयर्स होंगे।
दरअसल, TCS ने पिछले महीने रिजल्ट के समय अपने शेयर्स को 4,500 रुपए के हिसाब से निवेशकों से वापस खरीदने की घोषणा की थी। इसकी कीमत अभी 3,798 रुपए प्रति शेयर है। इसका मतलब यह हुआ कि आपको हर शेयर पर करीबन 750 रुपए का फायदा मिलेगा। आपके पास अभी भी स्टॉक नहीं है तो आप इसे खरीद सकते हैं। अमूमन कंपनियां पहले ही बता देती हैं कि किस तारीख तक शेयर आपके पास होना चाहिए। TCS इसकी घोषणा बाद में करेगी।
अब इसके फायदे की गणित को देखते हैं। मान लीजिए आपके पास कंपनी के 44 शेयर्स हैं और इनका मूल्य 1.67 लाख रुपए है। अगर आप इसमें से कंपनी को 15 स्टॉक वापस देते हैं तो आपको 67,500 रुपए के करीब पेआउट मिलेगा। जबकि अभी के भाव से 15 स्टॉक का पैसा 56,970 रुपए होता है। इस तरह से आपको 10,530 रुपए का फायदा होगा, जो 6.80% होगा।
अगर आप 44 में से 28 शेयर कंपनी को देते हैं तो इसकी कुल कीमत 1.26 लाख रुपए होगी। जबकि आज के भाव पर आपको कुल 106,344 रुपए लगाने होंगे। यानी आपको 19,656 रुपए का फायदा मिलेगा जो 12.80% हो सकता है। आप पूरा 44 शेयर्स कंपनी को दे देते हैं तो आपको कुल 1.98 लाख रुपए मिलेगा। जबकि इतने ही स्टॉक आप खरीदते हैं तो आपको इसके लिए 167,112 लाख रुपए देने होंगे। यानी आपको 30,888 हजार रुपए का फायदा मिलेगा जो 20.30% हो सकता है।
इस आधार पर तीन महीने में आपको इस स्टॉक से 20% का मुनाफा मिल सकता है और यह पूरी तरह से सुनिश्चित है क्योंकि कंपनी ने पहली ही बायबैक के समय शेयर्स की कीमत भी तय कर दी है। हालांकि सोमवार को इस स्टॉक की कीमत 3,737 रुपए थी। अगर आप उस दिन खरीदते तो आपको और ज्यादा फायदा हो सकता था।