बजट के बाद 2020 में सबसे ज्यादा घाटा दिया बाजार ने
मुंबई- वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण अपना चौथा बजट पेश कर रही हैं। पिछले 9 बार के बजट में 2020 में सबसे ज्यादा शेयर बाजार ने घाटा दिया है। बजट से पहले सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 814 पॉइंट्स बढ़कर बंद हुआ। इससे संकेत है कि बजट में अच्छी घोषणाएं हो सकती हैं। इससे बाजार में तेजी दिख सकती है।
विदेशी निवेशक लगातार बाजार से पैसे निकाल रहे हैं। चार महीने में इन्होंने 1.38 लाख करोड़ रुपए की निकासी की है। कल भी इन्होंने 3,624 करोड़ रुपए के शेयर बेच दिए। आंकड़े बताते हैं कि एक जुलाई 2014 को वित्तमंत्री अरुण जेटली ने जब बजट पेश किया था, उस दिन सेंसेक्स 25,372 पर बंद हुआ था। 3 महीने में इसमें केवल 3.44% की बढ़त दिखी। हालांकि एक हफ्ते में यह केवल 0.74% बढ़ा।
हालांकि इकोनॉमिक सर्वे में यह बात सामने आई है कि देश की प्रति व्यक्ति की आय जरूर कम हुई है। यह 1.31 लाख रुपए से घट कर 1.27 लाख रुपए रह गई है। 2015 में जब जेटली ने 28 फरवरी को बजट पेश किया तो सेंसेक्स 29,361 पर बंद हुआ था। 3 महीने बाद इसमें 5.22% की गिरावट आई। एक महीने में यह 6% से ज्यादा गिरा था।
2016 में भी अरुण जेटली ने ही बजट पेश किया। उस दिन 29 फरवरी को 23,002 पर सेंसेक्स बंद हुआ था और 3 महीने में इसमें 16.19% की तेजी आई थी। 2017 से बजट को एक फरवरी को पेश किया जाने लगा। अरुण जेटली ने जब उस दिन बजट पेश किया तो सेंसेक्स 28,141 पर बंद हुआ, जबकि तीन महीने बाद इसमें 6.32% की तेजी आई।
2018 में फिर एक बार अरुण जेटली ने बजट लाया। उस दिन सेंसेक्स 35,906 पर बंद हुआ और तीन महीने बाद इसमें 2% की गिरावट देखी गई। हालांकि एक हफ्ते में इसमें 4% से ज्यादा की गिरावट थी। 2018 का बजट 2017 में GST लागू होने के बाद पहली बार आया था। 2019 में पियुष गोयल ने बजट पेश किया। तब सेंसेक्स 36,469 पर बंद हुआ था। तीन महीने में इसमें 6.89% की बढ़त आई थी। 2019 से निर्मला सीतारमण के हाथ में बजट की कमान है।
2019 में एक फरवरी को बजट के दिन बाजार 39,513 पर बंद हुआ था। तीन महीने में इसमें 3.56% की गिरावट आई थी जबकि पहले हफ्ते में करीबन 2% बाजार टूटा था। यह ठीक कोरोना से पहले का साल था। कोरोना के समय 2020 में पहला बजट पेश हुआ। उस दिन सेंसेक्स 39,735 पर बंद हुआ था। तीन महीने में सेंसेक्स में 20% की भारी गिरावट आई।
पिछले साल बजट के दिन सेंसेक्स 48,600 पर बंद हुआ। तीन महीने बाद इसमें मामूली बढ़त दिखी जो 0.24 पर्सेंट की रही। हालांकि पहले हफ्ते में इसमें 5.65% की बढ़त दिखी थी।