IPO के कई स्टॉक में निवेशकों की संपत्ति आधी हुई, पेटीएम ने दिया 58% का घाटा
मुंबई- शेयर बाजार की गिरावट ने IPO में निवेश करने वालों को अच्छा खासा निराश किया है। काफी सारे शेयर्स में निवेशकों की रकम आधी हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा घाटा 58 पेटीएम के शेयर्स ने दिया। पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन का शेयर अभी 917 रुपए के आस-पास है। इसने इश्यू प्राइस 2,150 रुपए की तुलना में 58% का घाटा दिया है। हालांकि यह 865 रुपए तक सोमवार को चला गया था। भारतीय IPO के इतिहास में यह शायद पहला स्टॉक है जो दो महीने में IPO प्राइस तक नहीं पहुंच पाया है।
विंडलास बायोटेक का शेयर 43% गिरावट के साथ 261 रुपए पर है। इसने 460 रुपए पर IPO में शेयर बेचा था। जबकि फिनो पेमेंट्स बैंक का शेयर 577 रुपए के IPO प्राइस की तुलना में 35% गिरावट के साथ 378 रुपए पर कारोबार कर रहा है। कृष्णा डायग्नोस्टिक के शेयर में 30% की गिरावट आई है। इसके बाद सूर्योदय स्माल फाइनेंस बैंक का शेयर अपने इश्यू प्राइस से 55% टूटा है। यह 305 रुपए की तुलना में 138 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जबकि कारट्रेड का शेयर 53% टूटकर 768 रुपए पर कारोबार कर रहा है। इसका IPO 1,618 रुपए पर आया था।
इसी तरह से SJS का शेयर 26% नीचे कारोबार कर रहा है। इसने 542 रुपए पर IPO लाया था। बिड़ला म्यूचुअल फंड के शेयर में 25% की गिरावट है। इसका इश्यू प्राइस 712 रुपए तय किया गया था। कल्याण ज्वेर्स का शेयर IPO के 87 रुपए के मूल्य की तुलना में 25% गिरकर 65 रुपए पर आ गया है।
2021 में आए 63 इश्यू में से 33 के शेयर लिस्टिंग प्राइस से नीचे पहुंच गए हैं। जबकि 20 के भाव इश्यू प्राइस से नीचे चले गए हैं। 2021 IPO के लिहाज से सबसे सफल साल रहा है। इस साल में कुल 1.29 लाख करोड़ रुपए की रकम जुटाई गई थी। हालांकि 2022 भी कुछ उसी तरह का रहने वाला है। इस साल में भी अच्छी खासी कंपनियों की लाइन लगने वाली है।
इन सबके अलावा नायका, जोमैटो जैसी कंपनियों के शेयर एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गए। हालांकि दोनों शेयर अभी भी IPO से ज्यादा भाव पर कारोबार कर रहे हैं। जोमैटो अभी भी IPO प्राइस की तुलना में ऊपर कारोबार कर रहा है। जोमैटो 76 रुपए के इश्यू प्राइस के सामने 99 रुपए पर है जबकि नायका का शेयर 1125 की तुलना में 1675 रुपए पर है। हालांकि सोमवार को 13% गिरने के बाद यह मंगलवार को भी 4% गिर कर ट्रेड कर रहा है।