सेंसेक्स 1200 अंक गिरा, निवेशकों के 8 लाख करोड़ डूबे, जोमैटो 20 पर्सेंट टूटा

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स सोमवार को 1,200 पॉइंट्स गिर कर 57,860 पर कारोबार पर कर रहा है। इस वजह से निवेशकों के 8 लाख करोड़ रुपए डूब गए। नायका, जोमैटो और पेटीएम जैसी कंपनियों के स्टॉक जमकर पिटे हैं। आज बाजार में हुई गिरावट 5 दिन में सबसे ज्यादा है। पिछले मंगलवार को इसमें 554, बुधवार को 656, गुरुवार को 634 और शुक्रवार को 427 अंक की गिरावट आई थी।

जोमैटो, नायका और पेटीएम के शेयर एक साल के निचले स्तर पर हैं। जोमैटो 20 पर्सेंट टूटकर 91 रुपए पर पहुंच गया है। पेटीएम का शेयर 7 पर्सेंट टूटा है जबकि नायका का शेयर 13 पर्सेंट टूट गया है। शुक्रवार को मार्केट कैप 270 लाख करोड़ रुपए था जो आज 262 लाख करोड़ रुपए हो गया है। बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और विप्रो के स्टॉक 4-4% टूट गए हैं। टाटा स्टील और टाइटन 4-4% गिरे हैं।

एक हफ्ते में मार्केट कैप 18 लाख करोड़ रुपए घट गया है। पिछले सोमवार को यह 280 लाख करोड़ रुपए था।शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 427 पॉइंट्स (0.72%) गिर कर 59,037 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 140 अंक (0.79%) गिरकर 17,617 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स आज 14 पॉइंट्स नीचे 59,023 पर खुला था और यही इसका पहले घंटे में ऊपरी स्तर भी था। इसका निचला स्तर 57,800 का था। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर्स में एशियन पेंट्स, डॉ. रेड्डी, विप्रो और HCL टेक हैं। इनके साथ बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, टाइटन, कोटक बैंक, HDFC बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, TCS भी गिरावट में हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 268.50 लाख करोड़ रुपए है।

अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने के संकेत, यूक्रेन और रूस के बीच तनाव और विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार भारतीय बाजार में बिकवाली। बाजार में गिरावट का मुख्य कारण अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व बैंक की कल से शुरू हो रही बैठक है। इसमें पूरी उम्मीद है कि ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला लिया जाएगा। इसका फैसला 26 जनवरी को होगा। हालांकि उस दिन भारतीय बाजार गणतंत्र दिवस की वजह से बंद रहेंगे। इसका असर 27 जनवरी को दिख सकता है।

सेंसेक्स के 234 स्टॉक अपर और 800 लोअर सर्किट में कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब यह हुआ कि एक दिन में इनमें एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट हो सकती है और तेजी आ सकती है। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 365 अंक गिर कर 17,251 पर कारोबार कर रहा है।

निफ्टी 17,575 पर खुला था और इसका उपरी स्तर 17,599 जबकि निचला स्तर 17,240 था। इसके 50 शेयर्स में से 18 बढ़त में और 31 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इसके मिडकैप, नेक्स्ट 50, बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स नीचे हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर में JSW स्टील, हिंडालको, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *