सुप्रिया लाइफ साइंस 425 रुपए पर लिस्ट हुआ, 8 दिन में 55% का फायदा
मुंबई- सुप्रिया लाइफ साइंस के शेयर ने 8 दिन में निवेशकों को 55% का फायदा दिया है। इस शेयर का भाव इश्यू के दौरान 274 रुपए था। यह स्टॉक एक्सचेंज पर 425 रुपए पर लिस्ट हुआ।
सुप्रिया लाइफ साइंस एक्टिव फार्मा इंग्रेडिएंट (API) की सप्लायर और मैन्यूफैक्चरर है। कंपनी रिसर्च और डेवलपमेंट पर फोकस करती है। इसके पास 38 API प्रोडक्ट हैं। इसमें थेरेपेटिक सेगमेंट भी हैं।लिस्टिंग के बाद इस स्टॉक में 6% की गिरावट आई और यह 399 रुपए पर पहुंच गया। अभी भी यह IPO के भाव की तुलना में 45% ऊपर कारोबार कर रहा है।
इसका इश्यू 16 से 20 दिसंबर के बीच आया था। इसे कुल 72 गुना का रिस्पांस मिला था। कंपनी ने IPO से 700 करोड़ रुपए जुटाए थे। यह पहले ही दिन पहले घंटे में पूरी तरह से भर गया था। इसमें कंपनी ने 200 करोड़ रुपए नए शेयर से और 500 करोड़ रुपए मौजूदा हिस्सेदारों का हिस्सा बेचकर जुटाए थे। इस रकम से कंपनी कर्ज चुकाएगी और अन्य जरूरी खर्चों पर उपयोग करेगी।
सुप्रिया लाइफ साइंस अपने प्रोडक्ट का निर्यात भी करती है। इससे पहले सोमवार को HP अधेसिव ने 8 दिनों में निवेशकों को 16% का फायदा दिया था। इसका शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर इश्यू प्राइस की तुलना में 16.42% बढ़कर 315 रुपए पर लिस्ट हुआ। IPO में इसका भाव 274 रुपए तय किया गया था। इसके इश्यू को 21 गुना का रिस्पांस मिला था। रिटेल निवेशकों ने अपने हिस्से का 81 गुना ज्यादा रकम का निवेश किया था।
2020 में कुल रकम 1.85 लाख करोड़ रुपए की जुटाई गई थी। सेबी से अब तक 35 कंपनियों को इश्यू लाने की मंजूरी मिल चुकी है। यह कंपनियां 50 हजार करोड़ रुपए जुटा सकती हैं। इसके साथ ही कुल 33 कंपनियों ने 60 हजार करोड़ रुपए जुटाने के लिए सेबी के पास मसौदा जमा कराया है।
पिछले हफ्ते डाटा पार्टनर्स ने निवेशकों को 8 दिन में 48% का फायदा दिया था। इसका शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर 864 रुपए पर लिस्ट हुआ जबकि इसने IPO में 585 रुपए का भाव रखा था। इस साल जनवरी से लेकर अब तक कुल 65 कंपनियां बाजार में आई हैं। यह सभी मिलाकर बाजार से 1.29 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। 2020 की तुलना में यह आंकड़ा 4.5 गुना ज्यादा है। 2020 में कुल 15 कंपनियों ने 26,613 करोड़ रुपए जुटाए थे। हालांकि IPO के अलावा अन्य रास्तों से जो रकम जुटाई गई है, उसे मिला दें तो कुल 2.17 लाख करोड़ रुपए इस साल जुटाए गए हैँ।