5 लाख कर्मचारियों वाली कंपनी बन गई TCS, कर्मचारियों के मामले में देश में दूसरे नंबर की कंपनी

मुंबई– देश की सबसे बड़ी IT कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (TCS) के कर्मचारियों की संख्या 5 लाख हो गई है। अप्रैल से जून की पहली तिमाही में इसने 20,409 कर्मचारियों की भर्ती की है। देश में रेलवे के बाद यह सबसे ज्यादा कर्मचारियों वाली कंपनी है। रेलवे के पास 12.54 लाख कर्मचारी हैं।  

वैश्विक स्तर पर सूचना एवं प्रौद्योगिकी (IT) कंपनियों में यह कर्मचारियों के मामले में दूसरे नंबर पर है। इससे पहले एसेंचर है जिसके पास 5.37 लाख कर्मचारी हैं। कंपनी का मुनाफा अप्रैल-जून के दौरान घटा है। पिछली तिमाही के मुताबिक कंसोलिडेटेड मुनाफा 9,246 करोड़ रुपए से घटकर 9,010 करोड़ रुपए रह गया है। कंपनी की आय में बढ़ोतरी हुई है कंपनी की आय 43,750 से बढ़कर 45,410 करोड़ रुपए हो गई है। पहली तिमाही में 810 करोड़ डॉलर के ऑर्डर मिले हैं। 

कंपनी ने मार्च के रिजल्ट में बताया था कि वह अप्रैल 2021 से मार्च 2022 के दौरान 40 हजार फ्रेशर की हायरिंग करेगी। इसके तहत इसने आधे की हायरिंग पहली तिमाही में ही कर ली है। पिछले वित्त वर्ष में भी कंपनी ने 40 हजार से ज्यादा फ्रेशर को नौकरी दी। कंपनी ने चौथी तिमाही के दौरान 19,388 कर्मचारियों की हायरिंग की थी। मार्च के अंत तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की 488,649 रही थी। 

TCS देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर एक्सपोर्टर कंपनी है। यह विश्व की सबसे ज्यादा मूल्यवान IT कंपनियों में से एक है। यह देश में निजी सेक्टर में सबसे ज्यादा कर्मचारियों वाली कंपनी है। कंपनी में कर्मचारियों के छोड़ कर जाने का अनुपात भी काफी कम है जो 7.3% है। कंपनी के CEO राजेश गोपीनाथन ने कहा कि हम टैलेंट हायरिंग को लेकर आश्वस्त हैं और हमारा विश्वास है कि आंतरिक तौर पर हम टैलेंट को डेवलप करें। 

IT कंपनियों की बात करें तो एसेंचर के पास 5.37 लाख कर्मचारी हैं। इंफोसिस के पास 2.5 लाख कर्मचारी हैं तो HCL टेक के पास 1.6 लाख और विप्रो के पास 1.9 लाख कर्मचारी हैं। इस लिहाज से TCS इन आईटी कंपनियों से काफी आगे है। निजी सेक्टर की बात करें तो बिरला ग्रुप के पास 1.2 लाख कर्मचारी हैं। लार्सन एंड टूब्रो (L&T) के पास 3.37 लाख और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के पास 2 लाख के करीब कर्मचारी हैं। 

अगर साल 2005 की बात करें तो TCS के पास केवल 45 हजार कर्मचारी थे। 2007 में यह संख्या बढ़कर 1 लाख पर पहुंच गई। 2005 की तुलना में आज 16 सालों में इसके कर्मचारियों की संख्या में 10 गुना से ज्यादा बढ़त हुई है। वैसे वित्त वर्ष 2022 में देश की 4प्रमुख कंपनियां कुल 91 हजार कर्मचारियों की हायरिंग करेंगी। इसमें से अकेले करीबन 35% हिस्सा TCS के पास होगा। इंफोसिस 24 हजार लोगों की भर्ती करेगी। HCL 15 हजार लोगों की भर्ती करेगी। 

जिस तरह से TCS हायरिंग कर रही है, अगले कुछ सालों में वह एसेंचर को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे ज्यादा कर्मचारियों वाली IT कंपनी बन सकती है। सालाना आधार पर उसकी नए कर्मचारियों की संख्या से ऐसा कुछ दिख रहा है। खासकर कोरोना जैसे माहौल में IT कंपनियों को लगातार नई हायरिंग पर फोकस करना पड़ रहा है। TCS मूलरूप से कॉलेज कैंपस से ही नए कर्मचारियों की हायरिंग करती है। यह फ्रेशर की हायरिंग करती है और फिर उनमे टैलेंट को तलाशती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *