अपनी ही कंपनी में नौकरी के लिए रतन टाटा को बनाना पड़ा था बायोडाटा  

मुंबई- टाटा समूह को नई ऊंचाई पर ले जाने वाले रतन टाटा ने कभी नौकरी के लिए अपना बायोडाटा बनाया था। रतन टाटा का उनकी पहली नौकरी के लिए बायोडाटा बनाने से जुड़ा एक काफी दिलचस्प किस्सा है। रतन टाटा की पहचान आज दुनिया में एक सफल बिजनस मैन के रूप में होती है। लेकिन बहुत से कम लोगों को इस बात की जानकारी है कि रतन टाटा ने भी अपना करियर एक कर्मचारी के तौर पर शुरू किया था।  

रतन टाटा के नेतृत्व में टाटा ग्रुप ने ट्रिलियन डॉलर का व्यवसाय बनाया। जब रतन टाटा की पहली नौकरी लगी थी, तब उन्होंने अपना बायोडाटा कैसे बनाया था। आज हम आपको इसकी जानकारी देने जा रहे हैं। रतन टाटा ने अमेरिका से पढ़ाई की है। वह अमेरिका में ही सेटल होना चाहते थे। लेकिन दादी लेडी नवजबाई की बीमारी के कारण वह भारत लौट आए। लेकिन भारत आने के बाद रतन टाटा ने अपनी पहली नौकरी टाटा ग्रुप में नहीं की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रतन टाटा ने भारत आकर आईबीएम में नौकरी करनी शुरू कर दी। इसकी उनके परिवार में किसी को कानों कान खबर नहीं लगी।  

बताया जाता है कि जब यह खबर टाटा ग्रुप के प्रमुख जेआरडी टाटा को पता चली तो वह नाराज हो गए। उन्होंने रतन टाटा को एक खास संदेश भेजा। यह संदेश मिलने के बाद टाटा ग्रुप में नौकरी पाने के लिए रतन टाटा को अपना बायोडाटा जेआरडी टाटा के साथ साझा करना था, लेकिन उस वक्त उनके पास अपना बायोडाटा नहीं था। इसके बाद रतन टाटा ने उस समय आईबीएम कार्यालय में एक इलेक्ट्रिक टाइपराइटर पर टाटा समूह में नौकरी पाने के लिए अपना बायोडाटा बनाया था। रतन टाटा को अपना बायोडाटा शेयर करने के बाद साल 1962 में टाटा इंडस्ट्रीज में नौकरी मिल गई थी।  

रतन टाटा परिवार के सदस्य थे, लेकिन उन्हें वहां पर हर काम करना पड़ा। रतन टाटा ने सभी अहम काम सीखे और उसके बाद टाटा ग्रुप के सर्वोच्च पद पर पहुंचे। साल 1991 में जेआरडी टाटा के निधन के बाद रतन टाटा ने टाटा समूह के अध्यक्ष का पद संभाला था। रतन टाटा भारत के सबसे प्रसिद्ध अरबपतियों में से एक हैं। अभी ज्यादातर लोग रतन टाटा को टाटा ग्रुप के चेयरमैन के रूप में जानते हैं जिन्होंने कंपनी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि रतन टाटा एक आईटी फर्म में नौकरी करना चाहते थे और खुद जेआरडी टाटा ने उन्हें टाटा ग्रुप में शामिल होने के लिए कहा था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *