सोना और चांदी दोनों हुए सस्ते, आगे स्थिर रह सकता है भाव
मुंबई– बीते दिनों की बढ़त के बाद आज सोना-चांदी फिर सस्ते हुए हैं। सोना 203 रुपए कम होकर 47,720 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। चांदी 504 रुपए सस्ती होकर 68,793 पर ट्रेड कर रही है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के अनुसार सराफा बाजार में भी चांदी में मामूली गिरावट आई है। ये 148 रुपए सस्ती होकर 67,641 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है।
अभी सोने में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। लेकिन आने वाले दिनों में सोने की चमक बढ़ सकती है। ये साल के आखिर तक फिर 55 हजार तक जा सकता है। इसीलिए निवेशकों को इस गिरावट से घबराने की जरूरत नहीं है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आज सोने के चमक फीकी पड़ी है। सोना आज 1,799 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। शुक्रवार को ये 1,810 डॉलर पर आ गया था। हालांकि आने वाले दिनों में ये फिर बढ़ सकता है। कोराना महामारी के कारण देश में महंगाई तेजी से बढ़ी है। जब भी महंगाई बढ़ती है तो इसका फायदा सोने को मिलता है। इसके अलावा अब लॉकडाउन भी खुल गया है इससे शादी और अन्य समारोह भी शुरू होंगे। इससे सराफा बाजार में भी सोने की मांग बढ़ेगी।