अप्रैल में देश में 75 लाख लोग हुए बेरोजगार, आगे हालत और खराब हो सकती है

मुंबई-देश में कोरोना की दूसरी लहर को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन लगाए जा रहे हैं। इसका रोजगार पर बुरा असर पड़ा है। स्थानीय लॉकडाउन के कारण अप्रैल में 75 लाख लोगों की नौकरी चली गई है। वहीं, बेरोजगारी दर भी चार महीने के उच्च स्तर को पार करते हुए 8% के करीब पहुंच गई है। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (CMIE) ने यह बात कही है। 

CMIE के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ महेश व्यास का कहना है कि रोजगार के मोर्चे पर स्थिति आगे भी चुनौतीपूर्ण बनी रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मार्च की तुलना में अप्रैल में 75 लाख लोगों ने नौकरियां गंवाई हैं। इससे बेरोजगारी दर में बढ़ोतरी हुई है। सेंटर के प्रारंभिक डाटा के मुताबिक, अप्रैल में राष्ट्रीय बेरोजगारी दर 7.97% रही है। शहरी क्षेत्र में बेरोजगारी दर 9.78% और ग्रामीण क्षेत्र में 7.13% रही है। मार्च में राष्ट्रीय बेरोजगारी दर 6.50% रही थी। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में भी बेरोजगारी दर नीचे थे। 

व्यास का कहना है कि कोविड की दूसरी लहर के कारण स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे लॉकडाउन लगाए जा रहे हैं। इस दौरान केवल आवश्यक गतिविधियों को संचालन की मंजूरी है। इससे बड़े स्तर पर आर्थिक गतिविधियां धीमी पड़ रही हैं। इसका असर नौकरियों पर पड़ रहा है। व्यास ने कहा, ” मैं नहीं जानता कि कोविड की दूसरी लहर का पीक कब आएगा, लेकिन मैं इसका रोजगार के मोर्चे पर तनाव देख सकता हूं।” 

बेरोजगारी दर के ज्यादा रहने पर व्यास ने कहा कि इससे लेबर की भागीदारी में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि खराब स्थिति में लेबर भागीदारी और नौकरियां दोनों पर असर पड़ेगा। हालांकि, व्यास ने कहा कि अभी स्थिति पहले लॉकडाउन जैसी खराब नहीं हुई है। पिछले साल लगाए गए लॉकडाउन में बेरोजगारी दर 24% तक पहुंच गई थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *