रिलायंस इंडस्ट्रीज की तीसरी तिमाही में स्थिर प्रदर्शन, कुल आय 2.74 लाख करोड़ रुपये पर पहुंची
मुंबई-मार्केट वैल्यू के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कुल कमाई (टोटल इनकम) 2.74 लाख करोड़ रुपए रही। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 1% ज्यादा है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 2.48 लाख करोड़ रुपए की कमाई की थी।
टोटल इनकम में से कर्मचारियों की सैलरी, टैक्स, कच्चे माल की कीमत जैसे खर्चे निकाल दें तो कंपनी के ओनर्स के पास 18,645 करोड़ रुपए शुद्ध मुनाफे (कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट) के रूप में बचे। यह 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही से 1% ज्यादा है। पिछले साल कंपनी को 18,540 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। तीसरी तिमाही में रिलायंस ने प्रोडक्ट और सर्विस से 2.94 लाख करोड़ रुपए का राजस्व यानी रेवेन्यू जनरेट किया। सालाना आधार पर यह 10.5% बढ़ा है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही 2024 में कंपनी ने 2.67 लाख करोड़ रुपए का रेवेन्यू जनरेट किया था।
शुक्रवार, 16 जनवरी को FY26 की तीसरी तिमाही के नतीजों से पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.15% बढ़कर 1,461 के स्तर पर बंद हुआ। बीते 5 दिन में कंपनी का शेयर 0.17% चढ़ा है। एक महीने में 5% और 6 महीने में 2% गिरा है। इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 7% गिरा है। वहीं कंपनी के शेयर में एक साल में 15% की तेजी रही।

