बैंकों के लिए चुने गए उम्मीदवारों में सबसे पहले एसबीआई का परिणाम किया जाएगा घोषित

मुंबई- वित्त मंत्रालय ने सरकारी बैंकों में भर्ती परीक्षाओं और उनके परिणामों की घोषणा की समय-सीमा को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से कई पहलें की हैं। इसके तहत यह तय किया गया है कि अब परिणाम पहले एसबीआई के लिए जारी किया जाएगा। उसके बाद एनबी और अंत में आरआरबी के लिए घोषित किए जाएंगे।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, नव नियुक्त उम्मीदवार अक्सर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (आरआरबी) से राष्ट्रीयकृत बैंक (एनबी) और फिर एसबीआई में चले जाते हैं। इस कारण बैंकों में कर्मचारियों की संख्या में भारी कमी आई है और परिचालन संबंधी चुनौतियां उत्पन्न हुई हैं। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने कहा, यह नई व्यवस्था भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), राष्ट्रीयकृत बैंक (एनबी) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (आरआरबी) में भर्ती पर लागू होगी।

इन पहलों का उद्देश्य बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) की ओर से आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना है। एसबीआई, एनबी और आरआरबी में भर्ती संबंधित बैंकों के निर्देशों के अनुसार आईबीपीएस प्रक्रिया के जरिये की जाती है। आरआरबी की परीक्षाएं एनबी और एसबीआई की परीक्षाओं से पहले आयोजित की जाती हैं। परिणाम भी इसी क्रम में घोषित किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *