इंडिगो की शनिवार को एक 1000 फ्लाइट होंगी कैंसिल, सीईओ बोले कोशिश जारी है

मुंबई-  जिस नियम को लागू करने की वजह से इंडिगो एयरलाइंस का सारा सिस्टम बैठ गया और देशभर के हवाई अड्डों में अफरातफरी मच गई, शुक्रवार को उसे टालने का ऐलान कर दिया गया। इसके बाद माना जा रहा है कि अगले तीन दिन में हालात थोड़ा सुधर सकते हैं। शुक्रवार को इंडिगो ने हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी, जो अब तक का रिकॉर्ड है। देशभर से यात्रियों की परेशान की ऐसी तस्वीरें आईं कि हंगामा मच गया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच के आदेश दिए हैं।

इंडिगो ने सॉरी कहा है और रिफंड करने की बात की है। लेकिन, आम लोग सकते में हैं। उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। मजबूरी का फायदा उठाने के लिए बाकी एयरलाइंस ने किराये बढ़ा दिए। घरेलू किराये लंदन, न्यूयॉर्क की उड़ानों से ज्यादा महंगे हो गए। शुक्रवार को हालात इतने बिगड़े कि दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई एयरपोर्ट से इंडिगो ने पांच दिसंबर की रात 12 बजे तक की सारी फ्लाइट कैंसल कर दी। मुंबई एयरपोर्ट पर शाम 6 बजे तक फ्लाइट कैंसल की गई। इस सब की जानकारी पहले से यात्रियों को नहीं दी गई। दिल्ली के टी-1 पर बच्चे और बड़े कुर्सियां न मिलने पर नीचे फर्श पर ही बैठने को मजबूर हो गए।

इंडिगो के सीईओ पीटर एलबर्स ने इसके लिए सभी से सॉरी बोलते हुए वीडियो संदेश में कहा कि हजार से अधिक फ्लाइट कैंसल हुईं, जो इंडिगो का अभी तक का सबसे बड़ा कैंसिलेशन है। DGCA ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट के अपने नए नियम को 10 फरवरी तक टाल दिया। इसमें पायलटों को ज्यादा आराम देने की बात थी। इंडिगो इसी को दिक्कतों के लिए कसूरवार मान रही थी। नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि तीन दिनों में सेवाएं पूरी तरह बहाल होने की उम्मीद है। असर शनिवार से ही दिखाई देना शुरू हो जाएगा।

डीजीसीए ने चार लोगों की जांच कमिटी बनाई है।  यह कमिटी 15 दिनों में जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। मंत्री ने कहा कि डीजीसीए के एफडीटीएल आदेश तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिए गए हैं। यह निर्णय पूरी तरह से यात्रियों, खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों, मरीजों और अन्य लोगों के हित में लिया गया है। जो आवश्यक जरूरतों के लिए समय पर हवाई यात्रा पर निर्भर हैं। मंत्रालय और डीजीसीए ने इंडिगो को आदेश दिया है कि वह यात्रियों को फ्लाइट कैंसल या डिले होने की रीयल टाइम जानकारी अपडेट करें। ताकि प्रभावित यात्री घर बैठे अपनी फ्लाइट का स्टेटस जान सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *