अब इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में बिना किसी ओटीपी के ही कर सकते हैं लेनदेन
मुंबई- इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) से पैसे भेजने या लेने के लिए न तो OTP (वन टाइम पासवर्ड) डालना पड़ेगा और न ही उंगलियों के निशान देने की जरूरत होगी। इसकी जगह आप अपने फेस स्कैन करके आसानी से और सुरक्षित तरीके से लेनदेन कर सकते हैं। यह नई सुविधा 1 अगस्त 2025 से पूरे देश में शुरू हो चुकी है। इसका मकसद बैंकिंग को हर किसी के लिए आसान बनाना है।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने आधार से जुड़ी फेस स्कैन तकनीक को यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) के नियमों के तहत तैयार किया है। इस तकनीक से आप बस अपने फेस को स्कैन करके बैंकिंग का काम कर सकते हैं। न उंगलियों के निशान देने की जरूरत, न हर बार OTP डालने की टेंशन। यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई है, जिन्हें उंगलियों के निशान देने या OTP लेने में परेशानी होती है। मिसाल के तौर पर, बुजुर्गों के उंगलियों के निशान कई बार धुंधले हो जाते हैं, जिससे बायोमेट्रिक सिस्टम में दिक्कत आती है। उसी तरह, दिव्यांग लोगों को OTP वाली प्रक्रिया में मुश्किल हो सकती है।
इस नए तरीके में आपको बस अपने बैंक खाते से जुड़े फोन या डिवाइस पर फेस स्कैन करना है। यह काम चंद सेकंड में हो जाता है, जैसे आप अपने फोन का फेस लॉक खोलते हैं। यह तरीका न सिर्फ तेज है, बल्कि बिना छुए काम करता है, जिससे महामारी जैसे हालात में इन्फेक्शन का खतरा भी कम हो जाता है। फेस स्कैन तकनीक को UIDAI के सख्त सुरक्षा नियमों के आधार पर बनाया गया है, तो यह पूरी तरह सुरक्षित है। अगर किसी वजह से फेस स्कैन न हो पाए, तो आप पुराने तरीके यानी OTP या उंगलियों के निशान का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

