एलन मस्क ने दी चेतावनी, कहा अमे्रिका की आर्थिक हालत हो जाएगी खस्ता

मुंबई- दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने अमेरिका को कर्ज संकट की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, “अमेरिकी सरकार की कमाई का 25% हिस्सा तो कर्ज के ब्याज में ही जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो हालत ये होगी कि सरकार के पास सिर्फ ब्याज चुकाने के लिए पैसे होंगे। सोशल सिक्योरिटी, मेडिकल, डिफेंस जैसी जरूरी चीजों के लिए कुछ नहीं बचेगा।”

मस्क ने हाल ही में ये भी कहा था कि ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट’ जैसे फिजूलखर्ची वाले बिल इस कर्ज को और बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद देश को दिवालिया बना रही है। मस्क ने कहा, अमेरिका का कर्ज करीब 3200 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

2024 में कर्ज करीब 3111 लाख करोड़ रुपए था। 2011 में कर्ज 1306 लाख करोड़ रुपए था। 14 साल में कर्ज दोगुना से भी ज्यादा होकर 36.9 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। वहीं हर साल अमेरिका को ब्याज के तौर पर 103 लाख करोड़ रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। ये रकम डिफेंस डिपार्टमेंट के 1 ट्रिलियन डॉलर के बजट से भी ज्यादा है।

अरबपति निवेशक रे डालियो ने कहा कि अगले 10 सालों में अमेरिका का कर्ज 50-55 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जो उसकी कमाई का 6.5-7 गुना होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका का बढ़ता कर्ज एक ‘इकोनॉमिक हार्ट अटैक’ की वजह बन सकता है।

मूडीज ने भी कहा कि अगर ऐसा ही चला तो 2035 तक कर्ज जीडीपी का 140% हो जाएगा, जो 2024 में 98% था। अगर ट्रम्प की टैक्स पॉलिसी बरकरार रही तो हालत और खराब होगी। यूएस ट्रेजरी फिस्कल डेटा बताता है कि सरकार के खर्चे कमाई से ज्यादा हैं। जब खर्चा ज्यादा होता है, तो सरकार को कर्ज लेना पड़ता है। कोविड-19 महामारी के दौरान बड़े प्रोग्राम्स के लिए खर्चा बढ़ा। यूक्रेन संकट की वजह से भी अमेरिका के खर्च में बढ़ोतरी हुई है। 2017 के टैक्स कट्स की वजह से अमेरिका की कमाई घटी है।

ट्रम्प सरकार ने मई 2025 में एक बजट पेश किया, जिसमें करीब 14 लाख करोड़ रुपए की कटौती का प्लान है। इसमें एजुकेशन, हेल्थ, हाउसिंग और लेबर प्रोग्राम्स में कटौती होगी। स्टेट डिपार्टमेंट का बजट करीब 2.28 लाख करोड़ रुपएऔर NOAA का 0.13 लाख करोड़ रुपए घटाने का प्रस्ताव है।

मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा,मैं अब और सहन नहीं कर सकता। यह बिल बहुत बड़ा, बेतुका और फिजूल खर्चों से भरा है। जिन लोगों ने इसके पक्ष में वोट दिया, उन्हें शर्म आनी चाहिए। अगले साल नवंबर में हम उन सभी राजनेताओं को हटाएंगे, जिन्होंने जनता को धोखा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *