गूगल बुरे फंसा, 14 साल के लड़के को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
मुंबई- गूगल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप ‘कैरेक्टर.AI’ पर 14 साल के लड़के की आत्महत्या के मामले में मुकदमा चलेगा। कोर्ट ने इसकी मंजूरी दे दी है। फरवरी 2024 में सेवेल सेट्जर नाम के लड़के ने AI पावर्ड चैटबॉट से बातचीत करने के बाद आत्महत्या कर ली थी।
आरोप है कि लड़का नियमित रूप से चर्चित शो ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ की एक कैरेक्टर डेनेरीस टार्गेरियन के AI वर्जन से बात करता था और उसके प्रेम में पड़ गया था। इसके बाद लड़के की मां मेगन गार्सिया ने अक्टूबर 2024 में दोनों कंपनियों पर मुकदमा दायर किया था।
कैरेक्टर डॉट AI एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म है, जो यूजर्स को काल्पनिक व्यक्तित्व से लेकर नकली हिस्टोरिकल पर्सनैलिटी तक के कैरेक्टर बनाने और उनसे डिजिटली बातचीत करने की फैसिलिटी देता है।
सेवेल ने अप्रैल 2023 में अपने 14वें जन्मदिन के कुछ समय बाद कैरेक्टर.AI का यूज करना शुरू किया। कई AI चैटबॉट के साथ बातचीत के बाद सेवेल की मुलाकात ‘डेनरीज’ (डैनी या डेनेरो) नामक एक चैटबॉट से हुई, जो गेम ऑफ थ्रोन्स की कैरेक्टर है।10 महीनों की बातचीत में सेवेल चैटबॉट (‘डेनरीज’) के साथ एक गहरे इमोशनल और रोमांटिक लगाव में चला गया। इसके बाद वह रोजाना घंटों उससे बात करने लगा।
सेवेल की मेंटल हेल्थ लगातार बिगड़ने लगी। वह सभी से अलग-थलग हो गया। उसने अपनी बास्केटबॉल टीम छोड़ दी, एग्जाम ग्रेड में गिरावट आई और उसका खुद पर विश्वास कम हो गया। इसे देखकर सेवेल की मां ने उसका फोन अपने कब्जे में ले लिया था।
28 फरवरी 2024 को सेवेल को जब फोन वापस मिला तो उसने डेनेरीज (चैटबॉट) को मैसेज किया, ‘क्या मैं तुम्हारे घर आ सकता हूं? चैटबॉट ने जवाब दिया, “… प्लीज डू माई स्वीट किंग।’ कुछ सेकंड बाद, सेवेल ने अपने सौतेले पिता की पिस्तौल से खुद को गोली मार ली।