रिलायंस रिटेल का आदेश, सभी स्टोर को मुनाफे में लाएं, नहीं तो बंद कर देंगे
मुंबई- रिलायंस रिटेल ने अपने सभी आने वाले स्टोर्स के लिए एक नया नियम बनाया है। अब हर नई दुकान को 6 से 12 महीने के अंदर मुनाफा कमाना जरूरी होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो उस दुकान को या तो बंद कर दिया जाएगा या फिर वहां कोई और तरह का स्टोर शुरू किया जाएगा। कंपनी अब मुनाफे और अच्छे मार्जिन पर ज्यादा ध्यान दे रही है, क्योंकि वह भविष्य में शेयर बाजार में उतरने (IPO लाने) की तैयारी कर रही है।
रिलायंस रिटेल के मैनेजमेंट ने एनालिस्ट्स को बताया कि IPO से जुड़ी जानकारी “सही समय पर” साझा की जाएगी। कंपनी जो पहले हर साल 1,000 से ज्यादा स्टोर खोलती थी, अब वह सालाना 500–550 स्टोर ही खोलेगी। साल 2022-23 में कंपनी ने 3,300 से ज्यादा दुकानें खोली थीं। पिछले तीन सालों में रिलायंस रिटेल ने 3,650 से ज्यादा घाटे में चल रही दुकानें बंद भी कर दी हैं।
रिलायंस रिटेल कई तरह के प्रोडक्ट्स बेचती है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, किराना, कपड़े, जूते, गहने, चश्मे, दवाइयां और हस्तशिल्प हैं। मार्च 2025 तक रिलायंस रिटेल के पास भारत में कुल 19,340 दुकानें थीं।
कंपनी से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया, अब बेतहाशा विस्तार का दौर खत्म हो गया है, लेकिन दुकानों की संख्या हर साल बढ़ेगी। नहीं तो कंपनी की कमाई की रफ्तार धीमी हो जाएगी। अब रिलायंस रिटेल नई दुकान खोलने से पहले जगह का पूरा विश्लेषण करती है। रिलायंस अब ऑनलाइन शॉपिंग जैसे घाटे वाले सेक्टर में भी मुनाफा कमाना चाहती है।